देश की राजधानी में अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है. इस बीच नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में स्पेशल स्टाफ पुलिस की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है. उस्मानपुर इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए. घायल बदमाशों की पहचान मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम के तौर पर हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और राशिद केबल वाला गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं. आरोप है कि 2 अक्टूबर को भजनपुरा इलाके में एक कारोबारी के घर के बाहर रंगदारी के लिए फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद स्पेशल स्टाफ की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी.
जंगल से घर तक पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम दोनों के बाएं पैर में गोली लगी है. स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश अपने घर उस्मानपुर आने वाले हैं. बताया गया था कि वे जंगल के रास्ते से इलाके में पहुंचेंगे. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बदमाशों को पकड़ने के लिए रास्ते में ट्रैप लगाया. कई पुलिसवालों की तैनाती जंगल से बदमाशों के घर तक तैनाती की गई. इस पूरे ऑपरेशन को सीक्रेट रखा गया, ताकि बदमाशों को कानों-कान खबर न हो कि उनके लिए जाल बिछाया गया है.
ट्रैप में फंसे तो कर दी फायरिंग
पुलिस की सूचना पक्की निकली और बदमाश जंगल के रास्ते ही उस्मानपुर में आ रहे थे. जैसे ही दोनों बदमाश मौके पर पहुंचे, तो उन्हें एहसास हो गया कि उनके लिए पुलिस ने जाल बिछाया है और घेर लिये गए हैं. पुलिस टीम ने इन बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के बाएं पैर में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया.
ये भी पढ़ें :- 25 करोड़ की रंगदारी केस में बड़ा खुलासा: पुलिस रेड से पहले भागा शोएब ढेबर, आरक्षक ने दी गुप्त सूचना
कौन है केबलवाला गैंग का सरगना?
इस दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी बदमाशों की गोलियां लगीं. हालांकि, दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई. पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़े गए दोनों बदमाश राशिद केबलवाला गैंग से जुड़े हुए हैं. उत्तर पूर्वी दिल्ली में राशिद का अपना गैंग बताया जाता है. पुलिस के अनुसार, राशिद कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें :- FBI की टॉप 10 मोस्ट वांटेड सूची में गोल्डी बराड़; 10 लाख डॉलर का इनाम, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं