- यमुना नदी में छठ पूजा से दो दिन पहले सोनिया विहार के पास बड़ी संख्या में मरी मछलियां मिलीं, जिससे चिंता बढ़ी
- दिल्ली सरकार ने आरोप लगाया कि मरी मछलियां जानबूझकर यमुना में डाली गईं ताकि छठ से पहले उनकी छवि खराब हो सके
- इस मामले में FIR दर्ज कर पहली गिरफ्तारी सुरेंद्र कुमार आजाद की हुई, जिसे जमानत मिल गई है
छठ महापर्व से ठीक दो दिन पहले दिल्ली की यमुना में मरी हुई मछलियों के तैरने का वीडियो सामने आते ही राजधानी की सियासत में भूचाल आ गया. सोनिया विहार के पास यमुना घाट पर बड़ी संख्या में मरी मछलियां मिलने की खबर ने पहले श्रद्धालुओं को डराया, फिर इसे लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गईं और अब मामला पुलिस की एफआईआर और एक गिरफ्तारी तक पहुंच गया है.15 और 16 नवंबर को छठ पूजा होनी है. ऐसे में यमुना के घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है. ठीक इसी समय मरी मछलियों का वीडियो वायरल होना, सरकार के लिए सिर्फ पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि छवि और आस्था का मुद्दा बन गया. हालांकि, इस मामले में गिरफ्तार शख्स को जमानत भी मिल गई है.
कहां से शुरू हुआ विवाद?
12 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैला. इसमें सोनिया विहार के पास यमुना में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती हुई दिख रही थीं. वीडियो में दावा किया गया कि यमुना में जहरीला केमिकल मिलाया गया है, जिसकी वजह से मछलियां मर गईं. वीडियो के वायरल होते ही लोगों में दहशत फैल गई. छठ व्रती, जो यमुना में खड़े होकर अर्घ्य देते हैं, वे सवाल पूछने लगे कि क्या पानी नहाने लायक भी है? क्या सरकार ने सच में यमुना साफ की है, या सिर्फ दावे किए हैं? लेकिन दिल्ली सरकार का कहना है कि यह वीडियो ही साजिश का हिस्सा था. सरकार के मुताबिक, किसी ने जानबूझकर मरी मछलियां यमुना में डालीं, ताकि छठ से पहले सरकार को बदनाम किया जा सके.
सरकार की शिकायत पर FIR, पहली गिरफ्तारी
इस मामले में सबसे पहले दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने शिकायत दी. 12 नवंबर को ही कार्यकारी अभियंता सोमनाथ कश्यप ने सोनिया विहार थाने को पत्र लिखा. इसमें कहा गया कि अज्ञात लोगों ने दिल्ली सरकार की छवि खराब करने के लिए यमुना में मरी मछलियां डाली हैं, क्योंकि सरकार बड़े पैमाने पर छठ का आयोजन कर रही है. इसके बाद वजीराबाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस के मुताबिक, एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 (सार्वजनिक उपद्रव), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और 240 (गलत जानकारी देना) के तहत दर्ज हुई है. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पहली गिरफ्तारी भी की है. आरोपी का नाम सुरेंद्र कुमार आजाद बताया गया है, जिसे उत्तर दिल्ली के गोपालपुर से गिरफ्तार किया गया. पुलिस का आरोप है कि सुरेंद्र ने 12 नवंबर को वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से मरी मछलियों का पहला वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था. सुरेंद्र खुद को सोशल मीडिया पर बीएसपी कार्यकर्ता बताता है. गिरफ्तारी के बाद उसे थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है.
बीजेपी का आरोप - AAP ने फेंकी मछलियां, साजिश रची
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने सीधे आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार और यमुना की सफाई के प्रयासों को बदनाम करने के लिए नदी में मरी हुई मछलियां फेंक दीं. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने तो इससे भी आगे जाकर कहा कि छठ से पहले यमुना में मरी मछलियां डालने से बड़ा कोई पाप नहीं है. सिरसा का आरोप है कि अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगी 'नमो यमुना रिवर सफारी' क्रूज सेवा की शुरुआत से परेशान हैं, इसलिए ऐसी हरकत कर रहे हैं. बीजेपी का दावा है कि फिश मार्केट से मरी हुई मछलियां लाकर यमुना में फेंकी गईं, ताकि सरकार पर झूठे आरोप लगाए जा सकें.
ये भी पढ़ें:- पलूशन, क्रूज या कोई साजिश... यमुना में छठ से पहले कैसे मर रही हैं मछलियां
AAP का पलटवार - केमिकल छिड़काव से मरी मछलियां?
आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के सभी आरोपों को खारिज कर दिया. AAP का कहना है कि सरकार यमुना की सफाई के दावों पर सवालों से बचने के लिए उल्टा आरोप लगा रही है. आम आदमी पार्टी का आरोप है कि यमुना में क्रूज या फेरी सेवा शुरू करने से पहले पानी में रासायनिक पदार्थों का छिड़काव किया गया था, जिसके कारण मछलियों की मौत हुई. पार्टी ने मांग की है कि नदी के पानी की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए. अगर पानी साफ था, तो एक साथ इतनी मछलियां क्यों मरीं? अगर मछलियां बाहर से लाकर डाली गईं, तो इसके सबूत कहां हैं? AAP का कहना है कि सरकार एफआईआर और गिरफ्तारी के जरिए असली सवालों को दबा रही है.
मछलियों के मरने की असली वजह क्या?
इस पूरे हंगामे के बीच सबसे बड़े सवाल का जवाब अब तक नहीं मिल पाया है- मछलियां मरीं क्यों? पुलिस और सरकार का कहना है कि मछलियों की मौत का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. स्थानीय लोगों ने एक और आशंका जताई है. उनका आरोप है कि हथिनीकुंड बैराज के पास एक टैनरी से निकलने वाला गंदा पानी यमुना में मिल रहा है, जिसकी वजह से मछलियां मरीं. हालांकि, इस आरोप की अभी तक स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि एक साथ बड़ी संख्या में मछलियों की मौत आमतौर पर पानी में ऑक्सीजन की कमी, अचानक जहरीले पदार्थ मिलने या तापमान में बड़े बदलाव की ओर इशारा करती है. बिना पानी और मछलियों के लैब टेस्ट के, यह कहना मुश्किल है कि मौत प्रदूषण से हुई या मछलियों को बाहर से लाकर डाला गया.
ये भी पढ़ें:- यमुना के पानी में घुला जहर! बीते कई दिनों से पानी में तैर रही है मरी हुई मछलियां, मछुआरों ने बयां किया दर्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं