विज्ञापन
This Article is From Sep 24, 2018

अमित शाह की जगह मनोज तिवारी ने स्वीकारी केजरीवाल की चुनौती, AAP ने भी बदला नेता

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को रामलीला मैदान में खुली बहस करने की चुनौती दी थी

अमित शाह की जगह मनोज तिवारी ने स्वीकारी केजरीवाल की चुनौती, AAP ने भी बदला नेता
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने केजरीवाल की खुली बहस की चुनौती स्वीकार की है.
  • तिवारी ने कहा- समय तय कीजिए केजरीवाल, बहस को मैं तैयार
  • 'आप' ने जवाब दिया- केजरीवाल नहीं, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय बहस करेंगे
  • 'आप' ने कहा- बहस दिल्ली और लोकतंत्र के लिए बहुत अच्छी बात
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को रामलीला मैदान में खुली बहस करने की चुनौती दी थी जिसके जवाब में अब दिल्ली बीजेपी सामने आई है. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने चुनौती स्वीकारते हुए कहा है कि वह केजरीवाल से बहस को तैयार हैं.

एनडीटीवी इंडिया से बात करते हुए मनोज तिवारी ने कहा 'मैं अरविंद केजरीवाल जी को यह याद दिलाना चाहता हूं कि अरविंद केजरीवाल जी आप दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं और मैं दिल्ली बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष हूं. दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष के साथ आप जहां चाहो बहस कर लो. मैं अरविंद केजरीवाल को चुनौती दे रहा हूं. आपने स्थान तय कर दिया है, समय तय कर दीजिए, आपसे बहस करने को मैं तैयार हूं.'

इसके जवाब में आम आदमी पार्टी ने मनोज तिवारी की चुनौती को स्वीकार तो कर लिया है लेकिन बहस दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल नहीं करेंगे बल्कि आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक और दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय करेंगे. एनडीटीवी इंडिया से बात करते हुए आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा 'हम मनोज तिवारी जी की चुनौती को स्वीकार करेंगे और हमारी तरफ से हमारे प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय जी बहस करेंगे. मनोज तिवारी जी भी अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और गोपाल राय जी भी हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं. दोनों बहस करेंगे और दिल्ली के मुद्दों की चर्चा करेंगे जो कि दिल्ली और लोकतंत्र के लिए बहुत अच्छी बात होगी.'

यह भी पढ़ें : अमित शाह से पहले इन नेताओं को बहस के लिए ललकार चुके सीएम केजरीवाल, लेकिन...

लेकिन इस पूरी कहानी को लेकर गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह को चुनौती दी थी लेकिन बीजेपी की तरफ से मनोज तिवारी ने चुनौती स्वीकारी. जब मनोज तिवारी ने चुनौती दी तो आम आदमी पार्टी ने गोपाल राय का नाम आगे कर दिया. यानी बात कहां से शुरू हुई थी और कहां पर पहुंच गई है.

VIDEO : अमित शाह को केजरीवाल की चुनौती

अब देखना होगा कि क्या दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष गोपाल राय से बहस करने को तैयार होंगे?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com