दिल्ली-एनसीआर में आज हुई जोरदार बारिश ने राजधानी वासियों को उमस भरी गर्मी से राहत तो दी है लेकिन कई इलाकों में पानी भरने के कारण लोगों को मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिन तक बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया है. ऐसे में राजधानीवासियों को अभी कुछ और दिन भारी बारिश देखने को मिल सकती है.
पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में पानी भरा
पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया. कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई और यातायात पर भी असर पड़ा. जलभराव के चलते कुछ स्थानों पर वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए. ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को भी पानी से भरी सड़कों पर आवागमन में परेशानी हुई. कई जगहों पर यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े, जिससे सफर करने में काफी समय लगा.

दिल्ली के कई इलाकों में पानी भरा
ऑनलाइन कैब सेवाओं के किराए बढ़े
बारिश के दौरान ऑनलाइन कैब सेवाओं की मांग बढ़ने का असर किराए पर भी देखने को मिला. कई राइड-हेलिंग ऐप्स पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक किराया दिखाई दिया, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त खर्च करना पड़ा. मयूर विहार फेज-3 और अशोक नगर समेत पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति अधिक गंभीर रही. सड़कों पर जमा पानी के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई और कई स्थानों पर ट्रैफिक धीमी गति से चलता रहा.

बच्चों को स्कूल से लाने में हुई बड़ी मुश्किल
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा. मौसम विभाग के अनुसार, 29 जुलाई को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा. इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार इस दिन भी सुबह से लेकर रात तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इसी वजह से इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को जलभराव, फिसलन तथा यातायात प्रभावित होने जैसी स्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं