विज्ञापन

दिल्ली में बार-बार सड़क खोदने पर उपराज्यपाल नाराज, एजेंसियों को फटकार; सड़क, सफाई और जलभराव पर सख्त

दिल्ली के उपराज्यपाल टी.एस. संधू ने सड़कों की बार-बार खुदाई और मरम्मत में देरी पर नाराजगी जताई है. उन्होंने एजेंसियों को सड़क कटिंग के बाद समय पर मरम्मत और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा.

दिल्ली में बार-बार सड़क खोदने पर उपराज्यपाल नाराज, एजेंसियों को फटकार; सड़क, सफाई और जलभराव पर सख्त
एक बार मरम्मत, फिर खुदाई! दिल्ली की सड़कों पर LG की सख्ती
NDTV
नई दिल्ली:

दिल्ली में सड़कों की बार-बार खुदाई और खराब मरम्मत को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच उपराज्यपाल टी.एस. संधू ने संबंधित एजेंसियों को सख्त संदेश दिया है. एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार के साथ हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि केबल, पाइपलाइन और अन्य परियोजनाओं के लिए सड़क काटने वाली एजेंसियां आपसी समन्वय बढ़ाएं ताकि एक ही सड़क को बार-बार न खोदा जाए. उन्होंने खुदाई के बाद समय पर और मानकों के अनुसार सड़क बहाल करने के निर्देश दिए. बैठक में कूड़ा निस्तारण, सड़क सफाई, जलभराव, अवैध निर्माण और आवारा पशुओं की समस्या पर भी विस्तृत चर्चा की गई.

सड़क, जलभराव और कूड़े जैसी समस्याओं को लेकर समीक्षा करते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल

सड़क, जलभराव और कूड़े जैसी समस्याओं को लेकर समीक्षा करते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल

बार-बार क्यों खोदी जाती हैं सड़कें?

दिल्ली में केबल, पाइपलाइन और दूसरी यूटिलिटी सेवाओं के लिए अलग-अलग एजेंसियां सड़कें काटती हैं. लेकिन इनके बीच तालमेल नहीं होने पर एक ही सड़क को बार-बार खोदना पड़ता है. इससे ट्रैफिक प्रभावित होता है, सड़कें खराब होती हैं और कई जगह खुदाई के बाद उनकी ठीक से मरम्मत नहीं हो पाती. एलजी ने सड़क काटने वाली एजेंसियों को उन विभागों के साथ समन्वय करने को कहा जो इन सड़कों का रखरखाव करते हैं. उन्होंने कहा कि काम पूरा होने के बाद सड़क को जल्द और तय मानकों के मुताबिक बहाल किया जाना चाहिए.

दिल्ली के उपराज्यपाल और एमसीडी कमिश्नर मीटिंग के दौरान

दिल्ली के उपराज्यपाल और एमसीडी कमिश्नर मीटिंग के दौरान

कूड़ा और सफाई पर भी फोकस

इस मीटिंग में कूड़ा उठाने और सड़क सफाई की भी समीक्षा हुई. एलजी ने रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों से नियमित और समय पर कूड़ा उठाने के निर्देश दिए. उपराज्यपाल ने कहा कि सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए. सड़क सफाई व्यवस्था को भी लगातार बनाए रखने पर जोर दिया गया, न कि सिर्फ विशेष अभियानों या निरीक्षण के दौरान.

जलभराव, अवैध निर्माण भी एजेंडे में

मानसून के दौरान जलभराव को लेकर एलजी ने इस साल किए गए इंतजामों की व्यापक समीक्षा करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों से इस साल के अनुभव से मिले सबक को अगले साल की योजना में शामिल करने को कहा. नालों की सफाई और इसकी टाइमिंग की भी समीक्षा के निर्देश दिए गए. अवैध और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ MCD को कार्रवाई तेज करने और नियमों के उल्लंघन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. आवारा पशुओं के प्रबंधन पर भी चर्चा हुई. एलजी ने व्यवस्थित और मानवीय तरीके से कार्रवाई करने पर जोर दिया, ताकि सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर लोगों को परेशानी न हो और पशु कल्याण का भी ध्यान रखा जाए.

यह भी पढ़ें : दिल्ली में अब सरकार बनवाएगी PG, डीडीए से एलजी ने मांगी जमीन; क्या है पूरा प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi LG, Delhi Roads, MCD, Delhi LG TS Sandhu, Waterlogging Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com