विज्ञापन

दिल्ली के करावल नगर में भरभराकर गिरी बिल्डिंग, वीडियो डरा देगा

दिल्ली के करावल नगर में एक तीन मंजिला इमारत देखते ही देखते जमींदोज हो गई. गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई.

करावल नगर में देखते ही देखते जमींदोज हो गई इमारत (फोटो- एक्स हैंडल)
नई दिल्ली:

दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में हुए अग्निकांड के बाद राजधानी में एक और हादसा हुआ है. दिल्ली के करावल नगर इलाके में एक तीन मंजिला मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया है. गनीमत ये रही इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है. गौरतलब है कि मालवीय नगर एक होटल में लगी आग में 21 लोग मारे गए थे. 

दिल्ली के करावल नगर में बिल्डिंग गिरी 

दिल्ली के करावल नगर के प्रकाश विहार इलाके में एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा. गनीमत ये रही कि मकान के गिरने से पहले ही उसमें रहने वाले लोगों को बाहर निकाल लिया गया था. 

मकान गिरते ही धूल का उठा गुबार 

जैसे ही मकान गिरा आसपास धूल का गुबार उठा. वहां मौजूद लोग जो वीडियो बना रहे थे वो भी भागे. मकान के गिरने से उसके बगल वाली इमारत का भी नुकसान हुआ दिख रहा है. 

इमारत में पड़ गई थी दरार 

इमारत में दरार पड़ने के कारण ही मकान में रहने वाले लोगों को तुरंत मकान से निकाल लिया गया था. उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही दिल्ली के साकेत इलाके में एक पांच मंजिला इमारत गिर गई थी जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी. साकेत में हुए हादसे के बाद राजधानी में असुरक्षित इमारतों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. 

शुरुआती जांच में पता चला है कि मकान के पास उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे क्षेत्र में संबंधित नागरिक विभाग द्वारा नाले के निर्माण एवं मरम्मत का कार्य किया जा रहा था. बुधवार दोपहर करीब 3 बजे तीन मंजिला इमारत में दरारें दिखाई देने लगीं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन भवन को तुरंत खाली करा लिया गया. फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भवन के गिरने के पीछे वास्तविक कारण क्या रहे.

सरकार ने अब दिल्ली नगर निगम को तुरंत असुरक्षित इमारतों की पहचान करने को कहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकते. राजधानी में दिल्ली नगर निगम की टीम इमारतों की जांच के लिए बड़ा अभियान चलाएगी. फिलहाल इस तरह के हादसों के कारण चिंता का माहौल है. सरकार भी ऐसे हादसों के बाद सख्त एक्शन लेने वाली है. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Delhi Buiding Collapse News, Karawal Nagar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com