विज्ञापन
This Article is From Dec 23, 2018

दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा 12 साल का रिकॉर्ड, करनाल में पारा 'शून्य' पर पहुंचा

दिल्ली में पिछले 12 साल में रविवार को दिसंबर का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया और पारा गिरकर 3.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा 12 साल का रिकॉर्ड, करनाल में पारा 'शून्य' पर पहुंचा
सर्दी की चपेट में दिल्ली और आस-पास के इलाके (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

दिल्ली में पिछले 12 साल में रविवार को दिसंबर का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया और पारा गिरकर 3.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. शहर में हल्की धुंध छाये रहने से दृश्यता थोड़ी कम हो गई थी. मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक, पिछले 12 साल में दिसंबर महीने में दूसरा न्यूनतम तापमान 29 दिसंबर 2007 को दर्ज किया गया था, जिस दिन तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा था. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से चार डिग्री कम रहने की संभावना है. विभाग के डेटा के मुताबिक, दिल्ली में दिसंबर महीने में अब तक का न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड 26 दिसंबर 1945 का है, जिस दिन न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

कड़कड़ाती ठंड ने देश भर में दिखाया असर, राजस्थान के इस स्थान पर खेतों में जमी बर्फ

मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि शहर में सुबह हल्की धुंध छायी रही, जिससे कई जगहों पर दृश्यता थोड़ी घट गई. पालम में दृश्यता 300 मीटर तक दर्ज की गई जबकि सफदरजंग में दृश्यता 400 मीटर रही. अधिकारी के मुताबिक अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. 

अधिकारी ने बताया कि दिन बढ़ने के साथ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना है. शाम में धुंध भी छायी रहेगी.    विभाग के मुताबिक, सुबह के साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 99 प्रतिशत दर्ज की गयी. ठंडी हवाएं चलने के साथ ही शनिवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

ठंड का मौसम परवान चढ़ा, इस शहर में पारा शून्य से 15.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा

वहीं दिल्ली के आसपास के इलाकों में ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है. करनाल में शनिवार को न्यूनतम तापमान  शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. हरियाणा और पंजाब में न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा में करनाल का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम है. दोनों राज्यों में करनाल सबसे सर्द जगह रही.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Report, Weather Report Of Today, Delhi NCR Weather, Delhi NCR Temperature
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com