दिल्ली के बलजीत नगर इलाके में पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में सोमवार को एक नाबालिग लड़के की कथित रूप से लोहे की छड़ से वार कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि बलजीत नगर की पंजाबी बस्ती में पटाखे फोड़ने को लेकर दो नाबालिग लड़कों में पहले बहस हुई जिसके बाद हाथापाई होने लगी.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि झगड़े के दौरान एक लड़के के पिता ने दूसरे किशोर पर कथित रूप से लोहे की छड़ से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उन्होंने बताया कि घायल को लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद आनंद पर्वत थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि विवाद की वजह बनी परिस्थितियों और हमले से पहले की घटनाओं के क्रम की जांच की जा रही है. अधिकारी ने बताया कि इस बाबत आनंद पर्वत इलाके में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या से संबंधित धारा में मामला दर्ज कर लिया गया है. उनके मुताबिक नाबालिग समेत दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है तथा मामले में जांच जारी है.
भाषा इनपुट के साथ
ये भी पढें : nVIDIA को लग सकता है 270 बिलियन डॉलर का झटका, शेयर क्रैश हुए तो भारतीय निवेशकों को भी खतरा! समझिए कैसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं