राजधानी दिल्ली में रिक्शे से स्कूल जा रही मासूम बच्ची को बस ने कुचल दिया. हादसे में बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मासूम क्लास सिक्स में पढ़ती थी. छात्रा के परिजनों ने स्कूल बस ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका कहना है कि अगर बस चालक समय रहते बस रोक लेता तो बच्ची की जान बच सकती थी.
घटना नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास की है. कक्षा छह में पढ़ने वाली प्रियांशी ई-रिक्शा से मॉडल टाउन स्थित स्कूल पढ़ने जा रही थी. मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के सामने एक बस ने ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी और रिक्शे में बैठी प्रियांशी छिटककर सीधे सड़क पर गिर गई. तभी पीछे से आ रही एक स्कूल बस ने उसे कुचल दिया. प्रियांशी की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों की भीड़ जमा हो गई. परिजनों को सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. प्रियांशी के परिजनों ने स्कूल बस के ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर बस चालक समय रहते गाड़ी रोक लेता तो बच्ची की जान बच सकती थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं