दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके में प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद ने एक 17 साल के किशोर की जान ले ली. मोलड़बंद इलाके में रविवार रात दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई. किशोर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल किशोर को लोगों की मदद से तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 8 बजे बदरपुर थाने को सूचना मिली कि 40 फुट रोड, गली नंबर-4 स्थित पांडे मेडिकल स्टोर के पास एक युवक को चाकू मार दिया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मोलड़बंद एक्सटेंशन का रहने वाला 17 साल किशोर था. वह इलाके की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध में था. आरोप है कि लड़की के भाई ने उसे बातचीत के बहाने मौके पर बुलाया था. किशोर अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों से उसकी कहासुनी हो गई.
सीने और पेट में चाकू से किए कई वार
बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से किशोर के सीने और पेट पर कई वार कर दिए. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने घायल किशोर को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने दम तोड़ दिया.

तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए. पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात की साजिश पहले से रची गई थी या विवाद अचानक बढ़ने के कारण हत्या हुई. फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में कीचड़ के छींटे पड़ने पर शख्स की चाकू से गोदकर हत्या, पांच आरोपी पकड़े गए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं