विज्ञापन

दिल्ली में कीचड़ के छींटे पड़ने पर शख्स की चाकू से गोदकर हत्या, पांच आरोपी पकड़े गए

दिल्ली पुलिस ने इस ब्लाइंड केस को महज कुछ घंटे अंदर ही सुलझाते हुए सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया है. पुलिस फिलहाल आरोपियों से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस के अनुसार इस घटना में जिस शख्स की जान गई है वो लाला लाजपत राय मार्केट में एक दुकान पर काम करता था.

दिल्ली में कीचड़ के छींटे पड़ने पर शख्स की चाकू से गोदकर हत्या, पांच आरोपी पकड़े गए

दिल्ली से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां सड़क किनारे जा रहे शख्स की सिर्फ इसलिए चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई क्योंकि उससे गलती से कीचड़ के छींटे उन लड़कों पर पड़ गया था. पुलिस ने इस मामले में अब पांच नाबालिगों को हिरास में ले लिया है. पुलिस के अनुसार ये घटना 9 जुलाई को केशव पुरम की ओर जाने वाले प्रेम बारी पुल के पास हुई थी. एक PCR कॉल से पुलिस को पता चला था कि एक शख्स घायल हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ है. 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और देखा कि पीड़ित की छाती, पेट और अंगों पर गहरे जख्म हैं. उसे तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.मृतक की पहचान दिल्ली के उधम सिंह पार्क के रहने वाले बंसी लाल के रूप में की गई है. वह पुरानी दिल्ली की लाला लाजपत राय मार्केट में एक CCTV की दुकान पर काम करता था. 

पुलिस की जांच में पता चला कि नहर के पास वाले इलाके में कीचड़ जमा था और लोग अक्सर वहां खुले में शौच करते थे. बंसी लाल कीचड़ वाली जगह से गुजर रहे थे, तभी गलती से वहां से गुजर रहे लड़कों के एक ग्रुप पर कीचड़ उछल गया था.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमे जांच में पता चला है कि इस छोटी सी घटना के बाद तीखी बहस हुई और मामला जल्द ही आपसी झड़प में बदल गया.  झगड़े के दौरान, एक नाबालिग ने कथित तौर पर चाकू निकाला और बंसी लाल पर कई बार हमला कर दिया, जबकि बाकी लड़कों ने भी हमले में साथ दिया और फिर मौके से फरार हो गए. 

शुरुआत में, पुलिस को मौके पर कोई चश्मदीद गवाह नहीं मिला और उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया. जांच के दौरान, CCTV फुटेज और स्थानीय जानकारी से जांचकर्ताओं को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली.

अशोक विहार पुलिस ने PCR कॉल मिलने के दो घंटे के भीतर ही कानून के साथ टकराव वाले सभी पांच बच्चों (CCLs) को पकड़ लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है.  आगे की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें: फर्जी एक्सपोर्ट कंपनी बनाकर देशभर के कारोबारियों से ठगी, दिल्ली पुलिस ने 18 आरोपी को दबोचा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Muder In Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com