ओडिशा के जाजपुर जिले के रुकुटीपाटा इलाके में एक बच्ची से बलात्कार के आरोप में सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि बालीचंद्रपुर पुलिस थाना में 11 वर्षीय पीड़िता की मां ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी रविवार को उसकी बेटी को चॉकलेट का लालच देकर सुनसान जगह ले गया और उसके साथ बलात्कार किया.
उन्होंने बताया, 'मां के अनुसार बच्ची अपने जूते की मरम्मत कराने के लिए सेवानिवृत्त जवान के साथ बालीचंद्रपुर बाजार गई थी जो उनका पड़ोसी था. आरोपी फिर उसे बाजार के पास एक सुनसान आटा मिल ले गया जहां उसके साथ बलात्कार किया.'
थाना प्रभारी सुकांता कुमार पात्रा ने बताया, 'बाद में उसने बच्ची को धमकी दी कि अगर उसने इसका जिक्र किसी से किया या मामले की रिपोर्ट दर्ज करायी तो उसे गंभीर नतीजे भुगतने होंगे.' उसकी शिकायत पर आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार) एवं पोक्सो अधिनियम की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं