विज्ञापन
This Article is From Aug 22, 2025

15 अगस्त पर फहराया था तिरंगा, नक्सलियों ने जनअदालत लगाकर कांकेर में कर दी हत्या

इस घटना के बारे में अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने ‘‘जनअदालत’’ लगाकर नुरुटी की हत्या कर दी तथा दो ग्रामीणों की पिटाई कर उन्हें छोड़ दिया.

15 अगस्त पर फहराया था तिरंगा, नक्सलियों ने जनअदालत लगाकर कांकेर में कर दी हत्या
कांकेर:

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में कथित रूप से माओवादियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज फहराने वाले एक व्यक्ति की हत्या कर दी. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के छोटेबेटिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिनागुंडा गांव निवासी मनीष नुरुटी की हत्या की जानकारी मिली है. उन्होंने प्राप्त जानकारी के आधार पर बताया कि सोमवार को हथियारबंद नक्सलियों का एक दल बिनागुंडा गांव पहुंचा और वह नुरुटी तथा दो अन्य लोगों को अपने साथ ले गया.

नक्सलियों ने ‘‘जनअदालत'' लगाकर की हत्या

अधिकारियों ने बताया कि बाद में नक्सलियों ने ‘‘जनअदालत'' लगाकर नुरुटी की हत्या कर दी तथा दो ग्रामीणों की पिटाई कर उन्हें छोड़ दिया. उन्होंने बताया कि माओवादियों ने घटना के बाद गांव के करीब बैनर लगाया है जिसमें उन्होंने नुरुटी की हत्या की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि माओवादियों ने नुरुटी पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया है. घटना को लेकर कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक आई के ऐलेसेला ने बताया कि पुलिस ने अभी नुरुटी का शव बरामद नहीं किया है.

मुखबिरी के शक में भी हत्या कर चुके हैं नक्सली

उन्होंने कहा, ‘‘माओवादियों ने नुरुटी की हत्या के संबंध में बैनर लगाए हैं. हम उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. बिनागुंडा गांव में नक्सलियों का आना-जाना लगा रहता है. पिछले डेढ़ साल में मुखबिरी के आरोप में नक्सलियों ने चार-पांच लोगों की हत्या की है, हालांकि उनका पुलिस से कोई संबंध नहीं था.''

पुलिस अधिकारी ने क्या कुछ बताया

वहीं बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा, ‘‘हमें कांकेर जिले के छोटेबेटिया पुलिस थाना के अंतर्गत बिनागुंडा गांव निवासी मनीष नुरुटी की माओवादियों द्वारा हत्या किए जाने की सूचना मिली है. एक छोटा वीडियो भी सामने आया है जिसमें मनीष नुरुटी कथित तौर पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. अधिक जानकारी एकत्र की जा रही है और तथ्यों एवं विवरणों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.''

नुरुटी, ग्रामीणों ने 15 अगस्त को फहराया झंडा

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिनागुंडा गांव में नुरुटी और ग्रामीणों ने 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज फहराया था जिसके बाद से नक्सली उससे नाराज थे. सोशल मीडिया में जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गांव में कुछ ग्रामीण और बच्चे लाल रंग के स्मारक (जिसे माओवादी मारे गए अपने साथियों की याद में बनाते हैं) के ऊपर तिरंगा झंडा फहरा रहे हैं तथा 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे लगा रहे हैं. पुलिस सूत्रों ने बताया कि वीडियो में दिख रहे ग्रामीणों में से एक नुरुटी भी है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Naxalites Killed A Villager In Kanker, Naxalites Killed Him For Waving The Tricolor, Chhattisgarh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com