- नागपुर की महिला ने अयाज मदारे और उसके साथियों पर रेप, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण का आरोप लगाया
- पीड़िता का आरोप है कि उसके ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर उसे बेहोश कर यौन शोषण और ब्लैकमेल किया
- पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने काला जादू कर उसका यौन शोषण किया
वो उर्दू में कुछ बुदबुदाते हुए लड़की के चेहरे पर बार-बार फूंक मारता रहा, बदहवास लड़की चिल्लाती रही और झूम रही है. पास की बोतल में पानी रखा है. लड़का उसके दोनों हाथ पकड़कर उसे कंट्रोल करने की कोशिश करता रहा लड़की बार-बार कहती रही-छोड़ो, लेकिन वो नहीं रुका. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लड़की ने इस लड़के के खिलाफ एक FIR दर्ज करवाई है, जिसमें उस पर काला जादू करने का आरोप लगाया है. पीड़िता एयरफोर्स कर्मी की पत्नी है और ये लड़का उसका स्कूल का पुराना जानकार अयाज मदारे है.
महिला ने लगाया रेप और काला जादू का आरोप
ये घटना महाराष्ट्र के नागपुर शहर की है. एयरफोर्स कर्मी की पत्नी ने ब्लैकमेलिंग, रेप और जबरन धर्मांतरण किए जाने का सनसनीखेज आरोप अयाज मादरे और उसके साथियों पर लगाया है. पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को धर दबोचा. धर्मांतरण कराने वाले मौलाना की तलाश के लिए अब नागपुर पुलिस की एक टीम मध्य प्रदेश पहुंची है. बेहद सनसनीखेज मामले में रेप, बार-बार यौन शोषण, जबरन वसूली, ब्लैकमेल, ब्लैक मैजिक, धर्मांतरण और जबरन निकाह से जुड़ा है.
पीड़िता की उम्र 24 साल है. उसने अपने स्कूल के एक पुराने परिचित और उसके साथियों पर रेप, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए सोनेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है. उसका पति एयरफोर्स में काम करता है. पुलिस ने इस मामले में अयाज मदारे और उसके एक साथी अमीन शेख को गिरफ्तार किया गया है.
ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर किया बेहोश
लड़की का आरोप है कि 8 फरवरी 2025 को एक होटल में मीटिंग के दौरान अयाज ने उसके ड्रिंक में नशीली दवा मिला दी, जिससे वह बेहोश हो गई. जब उसे होश आया, तो आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक स्थिति में तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे. इन वीडियो को पति को भेजने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर बार-बार उसका यौन शोषण किया गया. उससे करीब 4 लाख रुपये भी वसूले गए.
फूंक मारकर कया काला जादू
FIR में महिला का आरोप है कि अयाज अक्सर एक प्लास्टिक की बोतल में कुछ लिक्विड लेकर आता था और उसे पीने के लिए मजबूर भी करता था. उसके बाद वह उर्दू में कुछ बुदबुदाता था, उसके चेहरे पर फूंक मारता था और यह कहकर कि 'यह सम्मोहन (Hypnosis) और काला जादू (Black Magic) है', उसके साथ रेप करता था.
मौलाना ने जबरन धर्म परिवर्तन करवाया
31 मई को मदारे और उसके साथी उसे जबरन कलमेश्वर ले गए. वहां मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया गांव का तीसरा आरोपी हजरत मौलाना मौजूद था, जिसने कुछ धार्मिक अनुष्ठान किए और उसे जबरदस्ती 'कबूल है, कबूल है' कहने पर मजबूर कर धर्मांतरण कराया. महिला का आरोप है कि ये सब उसकी इच्छा के बिना हुआ. इस अनुष्ठान के बाद मौलाना ने कहा कि उसका इस्लाम में धर्मांतरण हो गया है और अयाज के साथ उसका 'निकाह' हो गया है. इस दौरान उसे जबरन मांस खिलाया गया और कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया गया.
इसके बाद यह गिरोह उसे एक होटल में ले गया, जहां अयाज ने फिर से उसके साथ रेप किया. इसके बाद भी आरोपी उसके घर आकर बार-बार उसका यौन उत्पीड़न करते रहे.
आरोपी मौलाना की तलाश
पुलिस ने इस मामले में जादू-टोना विरोधी कानून की धाराएं भी लगाई हैं. साथ ही धर्मांतरण कराने वाला मौलाना वास्तव में कहां छिपा है, इसकी तलाश की जा रही है. DCP सिंगा रेड्डी ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में रेप, रंगदारी (जबरन वसूली), धर्मांतरण और ब्लैक मैजिक का आरोप लगाया है. जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का फॉरेंसिक विश्लेषण किया जा रहा है. ये सबूत काफी अहम होंगे. धर्मांतरण कराने वाले मौलाना की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम दूसरे राज्य में गई है. मामले की गहराई से जांच चल रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं