विज्ञापन

सोलापुर में एक ही चिता पर जली परिवार की तीन पीढ़ियां, कुएं में टेंपो गिरने से गई थी 8 लोगों की जान

म्हसवड-पंढरपुर मार्ग पर कुएं में गाड़ी गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले पंढरपुर के आठों मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है.

सोलापुर में एक ही चिता पर जली परिवार की तीन पीढ़ियां, कुएं में टेंपो गिरने से गई थी 8 लोगों की जान
कुएं से जेसीबी के जरिए निकाले गए शव, चिता की तैयारी करते परिजन और अन्य लोग.

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में हुए दर्दनाक हादसे में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. उधर, हादसे में मारे गए 8 लोगों का अंतिम संस्कार कर दिया गया. जब चिता को आग लगती परिवार और ग्रामीणों ने देखी तो सभी की आंखें नम थीं. जो पंचतत्व में विलीन हुए वह एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां थीं. तीन मांओं के साथ उनके मासूम बच्चों की भी इस हादसे में मौत हो गई थी.

कैसे हुए एक्सीडेंट

सोलापुर जिले में रविवार को मालशिरस तालुका में म्हसवड-पंढरपुर मार्ग पर तांदुलवाड़ी गांव के पास 15 श्रद्धालुओं से भरा एक मिनी पिकअप टेम्पो अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे स्थित एक गहरे कुएं में गिर गया था. इस दुर्घटना में दम घुटने और डूबने के कारण 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई. इस दौरान 6 लोगों को बचा लिया था. मृतक में सभी पंढरपुर के निवासी थे और एक ही परिवार के सदस्य थे.

ये हैं मृतक

  • पूजा अमोल साकोरे
  • आरव अमोल साकोरे (8)
  • पूजा बालाजी बावचे
  • समर्थ बालाजी बावचे (6 माह)
  • अश्विनी संदीप बावचे
  • संस्कार संदीप बावचे
  • संस्कृति संदीप बावचे
  • बुजुर्ग दादी इंदुबाई दशरथ बावचे (60)

दर्शन कर लौट रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, पंढरपुर के रहने वाले ये श्रद्धालु मिनी पिकअप टेम्पो किराए पर लेकर म्हसवड में भगवान सिद्धनाथ के दर्शन करने गए थे. भगवान के दर्शन कर सभी बेहद खुशी-खुशी और भक्तिमय माहौल में अपने गांव लौट रहे थे, लेकिन जैसे ही उनकी गाड़ी मालशिरस तालुका के तांदुलवाड़ी गांव के पास पहुंची, चालक ने टेम्पो पर से नियंत्रण खो दिया.

अनियंत्रित हुआ यह टेम्पो सड़क किनारे बने एक खुले कुएं में सीधे जा गिरा. कुएं में पानी होने और टेम्पो के पूरी तरह पलट जाने के कारण अंदर फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका.

प्रशासन की लापरवाही पर फूटा गुस्सा, FIR दर्ज

स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे के बाद प्रशासन पर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार हादसे होते रहते हैं. कुएं के चारों तरफ दीवार या जाली लगाने की कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे. उधर, पुलिस ने ग्रामीणों के भारी गुस्से और लापरवाही के आरोपों के बाद कदम उठा लिया. हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने पर रोडवेज कंपनी के कांट्रैक्टर नवज्योत गडोख और इस लापरवाही में शामिल अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

(यशपाल सोनकांबले की रिपोर्ट)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Solapur Accident, Maharashtra News, Solapur News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com