- साकीनाका पुलिस ने मुंबई में महंगी बुलेट और स्पोर्ट्स बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है
- पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 23.89 लाख रुपये मूल्य की 11 चोरी हुई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं
- गिरोह के आरोपी मिराज और उमर बाइक चोरी कर उसे खरीद-फरोख्त के जरिए बेचते थे और बाइकें ठिकाने लगाते थे
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में महंगी बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह का साकीनाका पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लगभग 23.89 लाख रुपये की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. जांच में पता चला कि इन आरोपियों के खिलाफ मुंबई के अलग‑अलग थानों में कुल 15 मामले दर्ज हैं.
आखिर कैसे खुला मामला
22 नवंबर 2025 की रात साकीनाका इलाके से एक रॉयल एनफील्ड 650 चोरी हो गई थी. बाइक अंधेरी–घाटकोपर लिंक रोड पर बिलाल मस्जिद के सामने हैंडल लॉक करके खड़ी की गई थी. रात 10:45 बजे से सुबह 6:30 बजे के बीच अज्ञात चोर बाइक लेकर फरार हो गए. इस मामले में शिकायत के आधार पर साकीनाका थाने में BNS की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज हुआ.
ये भी पढ़ें : 15 मिनट तक पीछा, जबरन फोटो खींचने की कोशिश... विदेशी महिला ट्रैवलर ने बताया मुंबई का बेड एक्सपीरियंस
तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की जांच मोटर वाहन चोरी रोधी दस्ते और क्राइम ब्रांच ने मिलकर शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मिराज उर्फ ‘बावल' मोहम्मद रईस खान (26) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसके साथी उमर अमीन शेख (20) का नाम सामने आया, जिसे पुलिस टीम ने राजस्थान के अजमेर के दरगाह क्षेत्र से हिरासत में लिया.
खरीद‑फरोख्त का तरीका
जांच में सामने आया कि मिराज महंगी स्पोर्ट्स बाइक चोरी कर उमर को बेचता था और उमर उन्हें आगे ठिकाने लगाता था. उमर के कब्जे से रॉयल एनफील्ड और यामहा ब्रांड की कुल 11 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹23.89 लाख आंकी गई है.
15 मामलों का खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मिराज के खिलाफ साकीनाका थाने में 10, और वी.बी. नगर, कुर्ला, सायन तथा धारावी थानों में 5 मामले दर्ज हैं. इस गिरफ्तारी से बाइक चोरी के कुल 15 मामलों का खुलासा हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं