राजस्थान की राजधानी जयपुर की सड़कों पर आपसी गैंगवार का मामला सामने आया है. प्रॉपर्टी कारोबारी कमल सिरसी पर दिनदहाड़े फायरिंग की गई. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग और एक‑दूसरे पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश के दृश्य दिखाई दे रहे हैं. पीड़ित कमल को पहले गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण की ओर से धमकी मिल चुकी है.
मंदिर जाते समय घेराबंदी कर की गई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, प्रॉपर्टी कारोबारी कमल सिरसी अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से मंदिर जाने के लिए निकला था. दोपहर करीब 11 बजे हाथोज फाटक स्थित एक निजी स्कूल के पास थार, स्विफ्ट और स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार 10 से 12 बदमाशों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया. थार जीप में बैठे एक बदमाश ने कमल मीणा पर फायरिंग की. गोली फॉर्च्यूनर के बोनट से टकराकर आगे के शीशे में जा लगी. इसके बाद बदमाश तेजी से अपनी गाड़ियां लेकर फरार हो गए.
ये भी पढ़ें: तूने हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की...सिंगर बादशाह को लॉरेंस गैंग से धमकी
बिंदायका थाने में मामला दर्ज
इस मामले में कमल मीणा ने बिंदायका थाने में मुकदमा दर्ज कराया है, उसने पुलिस को बताया कि आरोपी राहुल मीणा और उसके साथी इस हमले में शामिल थे. पुलिस के अनुसार, बदमाश तीन गाड़ियों में सवार होकर आए थे, जबकि शिकायतकर्ता कमल मीणा फॉर्च्यूनर गाड़ी में था.
दो अलग‑अलग CCTV फुटेज आए सामने
पुलिस को इस घटना के दो अलग‑अलग सीसीटीवी फुटेज मिले हैं. एक फुटेज में एक व्यक्ति फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे फुटेज में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी एक युवक पर चढ़ाने की कोशिश करती नजर आ रही है. युवक किसी तरह अपनी जान बचाता दिख रहा है. यह फॉर्च्यूनर गाड़ी कमल मीणा की बताई जा रही है. फुटेज में दोनों ही पक्षों की गलती दिखाई दे रही है.
ये भी पढ़ें : बेंगलुरु में लिव‑इन पार्टनर ने की युवती की हत्या, आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
हिस्ट्रीशीटर रह चुका है कमल मीणा
पुलिस के मुताबिक, कमल मीणा खुद बिंदायका थाने का हिस्ट्रीशीटर रह चुका है, हालांकि फिलहाल उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे हट चुके हैं। प्रॉपर्टी का काम करने वाले कमल मीणा का हाथोज फाटक के पास भी मकान है.
पुरानी रंजिश और चुनावी विवाद
बताया जा रहा है कि राहुल मीणा और कमल मीणा के बीच पुरानी आपसी रंजिश चल रही है. दोनों ही बिंदायका इलाके के रहने वाले हैं और चुनाव को लेकर दोनों के बीच विवाद बताया जा रहा है.
पहले भी मिल चुकी है गैंगस्टर से धमकी
करीब एक साल पहले कमल मीणा को गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण की ओर से धमकी भी मिल चुकी है. हालांकि, पुलिस के अनुसार इस फायरिंग की घटना का उन धमकियों से कोई सीधा संबंध नहीं बताया जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं