विज्ञापन

साउथ दिल्ली में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, शादी के डेढ़ साल बाद मारी 2-3 गोलियां

गुरुवार रात घरेलू विवाद के दौरान पति शुभम गहलोत ने पत्नी कविता को पिस्तौल से दो-तीन गोली मारकर हत्या कर दी.

साउथ दिल्ली में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, शादी के डेढ़ साल बाद मारी 2-3 गोलियां
शादी के डेढ़ साल बाद की पत्नी की हत्या.
NDTV

दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में गुरुवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है. सूचना मिलने पर पहुंची तिगड़ी थाना पुलिस ने घटनास्थल से शव कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम को भेजा है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय कविता अपने पति शुभम गहलोत के साथ संगम विहार स्थित अमृता पब्लिक स्कूल के पास के-2 ब्लॉक में रहती थी. दोनों की सादी लगभग डेढ़ साल पहले हुई थी. पति एक निजी कंपनी में फाइनेंस से जुड़ा काम करता है.

आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे दोनों

पुलिस सूत्रों के अनुसार, परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. शुभम जब गुरुवार शाम को ऑफिस से लौटा तो दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शुभम ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर पत्नी पर दो से तीन गोलियां दाग दीं.

आसपास के लोगों ने सुनी गोलियों की आवाज

गोली लगने से कविता की मौके पर ही मौत हो गई. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. मौके से दो से तीन खोखे भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है.

पुलिस ने क्या कहा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और हत्या के पीछे कोई अन्य वजह थी या नहीं, इसका खुलासा उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल आरोपी शुभम गहलोत फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- भाजपा की महिला पार्षद पर आवारा पशुओं का हमला, हवा में उछाला तो सिर के बल गिरीं; आईं गंभीर चोटें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Crime News, Husband Killed Wife, Delhi Murder, Wife Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com