विज्ञापन

दो बार गर्भवती हुई पत्नी और दोनों बार पति ने बेरहमी से मारी लातें, पेट में ही गर्भस्थ शिशुओं की मौत; जानें पूरा मामला

Unborn Child Death in Bhadohi: भदोही जिले में एक गर्भवती महिला के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। पति ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी के पेट में लात मारी, जिससे दो गर्भस्थ शिशुओं की मौत हो गई

दो बार गर्भवती हुई पत्नी और दोनों बार पति ने बेरहमी से मारी लातें, पेट में ही गर्भस्थ शिशुओं की मौत; जानें पूरा मामला
दहेज में 10 लाख रुपये के लिए दो बार हुई गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा (फोटो- मेटा एआई).

Husband Kicks Pregnant Wife: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक पति की हैवानियत सामने आई है. दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने बेरहमी से अपनी गर्भवती पत्नी के पेट में लाट मार दी. इससे उसके दो गर्भस्थ शिशुओं की मौत हो गई. आरोपी ने पेट में एक नहीं, कई बार जोर से लात मारी थी. पीड़िता ने पति और सास समेत सात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में आराधना शुक्ला (29) की तरफ से शनिवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में शिकायत दी गई थी, जिसके आधार पर उसके पति अभिनेष शुक्ला, सास गीता देवी और जेठ प्रदीप शुक्ला के खिलाफ गोपीगंज थाने में उसी दिन मामला दर्ज किया था.

मई 2022 में हुई थी शादी

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि गोपीगंज थाना क्षेत्र के गुदरीपुर निवासी आराधना शुक्ला की शादी इसी थाना क्षेत्र के भानु पुर सियरहा गांव निवासी अभिनेष शुक्ला से 21 मई 2022 में हुई थी. उन्होंने बताया कि आरोप है कि शादी में आराधना को खासा दहेज मिलने के बावजूद उसका पति, सास और जेठ 10 लाख रुपये की अलग से मांग करने लगे. जब पूरी नहीं हुई तो वे उसे लगातार प्रताड़ित करते थे.

8 माह के शिशु की मौत

एसपी ने बताया कि आरोप है कि आराधना जब आठ माह की गर्भवती थी, तभी उसके पति ने 10 लाख रुपये नहीं मिलने पर उसके पेट में कई बार लात मारी और उसकी हालत खराब देख उसे मायके भेज दिया था. उन्होंने बताया कि आराधना को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसके गर्भ में पल रहे आठ महीने के शिशु की पेट में मौत हो गई थी.

दूसरी बार भी गर्भवती होने पर मारी लात

एसपी ने बताया कि कुछ रिश्तेदारों के समझाने पर अभिनेष शुक्ला उसे दिल्ली ले जाकर रहने लगा था, जहां उसकी मां और जेठ भी रहते थे. उन्होंने बताया कि आरोप है कि जुलाई 2025 में दूसरी बार आराधना के दो माह की गर्भवती थी. उस समय भी 10 लाख रुपये की मांग को लेकर 20 सितंबर 2025 को आराधना को एक बार फिर बुरी तरह मारा पीटा. इस दौरान उसके पति ने एक बार फिर उसके पेट पर लात मार दी.

ये भी पढ़ें- क्या यूपी में कुछ बड़ा होने वाला है? समझिए सीएम योगी की संगठन के नेताओं से मुलाकात के मायन

खून से लथपथ पत्नी को रेलवे स्टेशन पर छोड़ा

एसपी ने बताया कि आराधना की हालत खराब होने बावजूद अभिनेष उसी दिन उसे मोटरसाइकिल से भदोही लाया. उस दौरान 21 सितंबर 2025 की देर शाम जिले के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर फिर से उसे बुरी तरह मारा और खून से लथपथ पत्नी को छोड़कर चला गया. साथ ही उसने धमकी दी कि अगर 10 लाख रुपये लिए बगैर लौटी तो उसे जलाकर मार देंगे.

आराधना ने एफआईआर में बताया है कि उसने मायके वालों को खबर दी. तब उन्होंने उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया और दूसरी बार भी उसके दो माह के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई.

जनवरी में पत्नी ने लगाई थी गुहार

पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला का आरोप है कि इसी साल जनवरी में उसने महिला थाने और गोपीगंज थाने में मामला दर्ज करने के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद महिला ने उनसे शिकायत की थी. एसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है.

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद में 3 साल के मासूम पर तेंदुए का हमला, सुपर मॉम-पिता ने लेपर्ड के जबड़े से बेटे को बचाया, गांव में दहशत का माहौल

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com