वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को ड्रॉ करते हुए सीरीज 1-0 से अपने नाम की. सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीरीज के आखिरी मैच के साथ कैरेबियन टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 चक्र भी पूरा कर लिया. वेस्टइंडीज ने 27.38 प्रतिशत अंकों (पीसीटी) के साथ इस चक्र को समाप्त किया है. वेस्टइंडीज फिलहाल 9 टीमों की प्वाइंटस टेबल में आठवें स्थान पर है. कैरेबियन टीम इस लिस्ट में श्रीलंका से थोड़ा पीछे है, जो 33.33 पीसीटी के साथ सातवें स्थान पर है.
श्रीलंकाई टीम फिलहाल अपने घर से बाहर दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज में पाकिस्तान का सामना कर रही है. अगर श्रीलंका इस चक्र में अपने ज्यादातर मैच हार जाती है, तो वेस्टइंडीज की रैंकिंग में सुधार हो सकता है. बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट के खत्म होने के बाद डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है. वेस्टइंडीज का पीसीटी 26.92 से बढ़कर 27.38 हो गया है, जबकि बांग्लादेश का पीसीटी 47.62 से घटकर 45.83 रह गया है. इससे डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की बांग्लादेश की उम्मीदों को और झटका लगा है. ये टीम न्यूजीलैंड (72.22), साउथ अफ्रीका (71.43), ऑस्ट्रेलिया (61.23) और भारत (51.51) के पीछे पांचवें स्थान पर है.

ड्रॉ पर खत्म हुआ टेस्ट
सोमवार को दूसरे क्रिकेट टेस्ट में तौहीद हृदोय के 82 रनों की बदौलत बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच ड्रॉ करा लिया. पहली पारी में नाबाद 242 रनों की शानदार पारी खेलने वाले हृदोय ने, 369 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए, टीम को 184-4 के स्कोर तक पहुंचाया. इसके बाद खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा. इस तरह, तौहीद हृदोय एक ही टेस्ट मैच में दोहरा शतक और अर्धशतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए.
पहला टेस्ट आठ विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी वेस्टइंडीज ने, पांचवें दिन की शुरुआत 345-3 के स्कोर से करते हुए अपनी दूसरी पारी 398-6 पर घोषित कर दी. इसके बाद बांग्लादेश के पास लक्ष्य का पीछा करने के लिए ढाई सत्र का समय था. चौथे दिन नाबाद रहे कावेम हॉज ने केवल दो रन और जोड़े और 142 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, पहली पारी में 133 रन बनाने वाले आमिर जांगू 39 रन बनाकर नाबाद रहे.
बांग्लादेश के स्पिनरों ने गिरे हुए सभी छह विकेट आपस में बांटे; तैजुल इस्लाम, नईम हसन और मेहदी हसन ने दो-दो विकेट लिए. हालांकि, बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही. ओपनर तंजीद हसन तमीम 21 रन बनाकर आउट हो गए, और फिर जोमेल वारिकन ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को 14 रन पर एलबीडब्ल्यू कर दिया.
40-2 के स्कोर पर लड़खड़ा रही बांग्लादेशी टीम को देखकर वेस्टइंडीज को जीत की उम्मीद जगी, लेकिन हृदय और मुशफिकुर रहीम ने तीसरे विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी करके मेहमान टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. ये दोनों बल्लेबाज दूसरे सत्र में सुरक्षित रहे, जिससे वेस्टइंडीज की जीत की संभावना लगभग खत्म हो गई.
आखिरी सत्र में बाएं हाथ के स्पिनर वारिकन ने हृदोय को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. वारिकन ने 44 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि शमार जोसेफ ने मुशफिकुर को 49 रन पर आउट किया. अपनी इस पारी के दौरान, मुशफिकुर टेस्ट क्रिकेट में 7,000 रन पूरे करने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए. हालांकि, खराब रोशनी के कारण खेल को रोकना पड़ा, उस समय लिटन दास (7) और मेहदी हसन (1) क्रीज पर मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: सुनील गावस्कर से मुशफिकुर रहीम तक, हर टेस्ट देश के पहले 7000 रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज
यह भी पढ़ें: पीटी उषा को बड़ा झटका, SOM चुनाव में मिली हार, IOA को मिलेगा नया अध्यक्ष?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं