विज्ञापन

गुवाहाटी: आर्मी के नाम पर 11.50 करोड़ की ठगी, सिलिगुड़ी से दबोचा गया मुख्य आरोपी, 2 करोड़ से अधिक रकम फ्रीज

गुवाहाटी पुलिस ने सेना के फर्जी सप्लाई ऑर्डर और आर्मी अधिकारियों की नकली पहचान का इस्तेमाल कर कथित तौर पर 11.50 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में 30 वर्षीय हर्ष अग्रवाल को पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी से गिरफ्तार किया है.

गुवाहाटी: आर्मी के नाम पर 11.50 करोड़ की ठगी, सिलिगुड़ी से दबोचा गया मुख्य आरोपी, 2 करोड़ से अधिक रकम फ्रीज
NDTV

सेना के नाम पर फर्जी सप्लाई ऑर्डर, आर्मी अधिकारियों की नकली पहचान और करोड़ों रुपये के लेनदेन के जरिए कथित तौर पर 11.50 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गुवाहाटी पुलिस ने पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी से गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि इस मामले में सुनियोजित तरीके से भरोसा जीतकर कारोबारी को ठगा गया और फर्जी दस्तावेजों के सहारे करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया.

गुवाहाटी सिटी पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष अग्रवाल के रूप में हुई है. उसे सिलिगुड़ी से गिरफ्तार कर जांच के दायरे में लाया गया है. इस कार्रवाई को पानबाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक शंकर ज्योति नाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया.

पुलिस का क्या कहना है?

जांच के अनुसार, ठगी की शुरुआत तब हुई जब हर्ष अग्रवाल ने अपने भाई आयुष अग्रवाल का परिचय शिकायतकर्ता से एक दूर के रिश्तेदार के रूप में कराया. पुलिस का कहना है कि आयुष को सेना से जुड़े सप्लाई कॉन्ट्रैक्ट के कारोबार में शामिल बताकर शिकायतकर्ता का भरोसा जीता गया. इसी भरोसे के आधार पर आगे कारोबारी संबंध स्थापित किए गए.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गुवाहाटी स्थित एम/एस ग्लोबल ट्रेडर्स के साथ कारोबारी रिश्ते का इस्तेमाल करते हुए करीब 11,50,56,180 रुपये के लेनदेन किए. जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस पूरी प्रक्रिया में फर्जी सप्लाई ऑर्डर, सेना के अधिकारियों की नकली पहचान और बनावटी वित्तीय दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया.

क्या कार्रवाई की जा रही है?

मामले की जांच के दौरान पान बाजार पुलिस ने वित्तीय लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की विस्तार से पड़ताल की. इसी जांच के आधार पर पुलिस हर्ष अग्रवाल तक पहुंची और उसे सिलिगुड़ी से गिरफ्तार किया गया.

इस संबंध में पानबाजार पुलिस स्टेशन केस नंबर 214/2026 दर्ज किया गया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.

जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ रुपये से अधिक रकम वाले बैंक खातों को फ्रीज भी कर दिया है. अब जांच एजेंसियां बाकी रकम का पता लगाने, इस कथित ठगी से लाभ पाने वाले अन्य लोगों की पहचान करने और फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुटी हैं.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें: योगी ने SIR में हिंदुओं के नाम कटने की बात कही तो अखिलेश यादव बोले- आधार कार्ड से जुड़े वोटिंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Guwahati Police, Fraud
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com