- ग्रेटर नोएडा के बनवारी वास गांव में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या का जेवर पुलिस ने सात दिन बाद खुलासा किया
- पुलिस ने मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनमें से दो के पैर में गोली लगी है
- गोपाल शर्मा का शव रोही गांव के एक खाली मकान में मिला था, सिर पर चोट के निशान थे
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के बनवारी वास गांव में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या का जेवर पुलिस ने 7 दिन बाद खुलासा कर दिया.पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया. तीन में से दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है.
ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि 21 मई को गोपाल शर्मा के गुमशुदा होने की सूचना मिली, उसके बाद पुलिस टीम का गठन हुआ और गोपाल की तलाश की गई तो उसका शव रोही गांव में एक खाली पड़े मकान में मिला.इस मामले में उसका पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें उसके सिर पर एक चोट का निशान आया. इस मामले में इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और दूसरे सबूतों के माध्यम से तीन लोगों के बारे में जानकारी मिली.
उन्होंने बताया कि बुधवार को पुलिस जब चेकिंग कर रही थी, उसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर यह तीनों व्यक्ति जाते दिखे.पुलिस ने रोका तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दो लोग घायल हो गए, उनकी पहचान नरेश, मोहित और उमेश के रूप में हुई.

21 मई को हुई थी गोपाल की हत्या
उन्होंने बताया कि गोपाल इन लोगों के साथ बैठकर हुक्का पिया करता था और कुछ दिन पहले ही उसकी दादी ने वह जाकर इन सभी लोगों को डांट लगा दी थी.इसी बात से नाराज थे. 21 तारीख को गोपाल हुक्का पीने पहुंचा तो इन लोगों ने गोपाल के हुक्के में अधिक तंबाकू डालकर पिलाया और वहीं पास में गांव में खाली पड़े मकान में ले जाकर दीवार में मृतक का सिर मार दिया, जिससे वह बेहोश हो गया और आरोपी उसे वहीं छोड़कर चले गए.
गोपाल को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह
वहीं इस मामले में उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर जो रील चल रही है कि गोपाल का कुकर्म हुआ है उसके अंग काटे गए हैं या फिर तेजाब डाला गया है, वह सब अफवाह है और गलत है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस तरह की कोई भी चीज सामने नहीं आई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं