ग्रेटर नोएडा की जारचा थाना पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री करके लोगों के साथ ठगी की वारदात तो अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है. इस दौरान पुलिस ने दो महिलाओं सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने कुछ दिन पहले ही जारचा थाना क्षेत्र में तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो एन गाड़ी, चार एटीएम और तीन सिम कार्ड बरामद किए है. डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर समाना नहर के पास से एक स्कॉर्पियो गाड़ी से गाजियाबाद निवासी प्रदीप राणा, बिहार निवासी खुशबू और ज्योत्सना को गिरफ्तार किया.
इन लोगों के द्वारा पूछताछ में बताया गया कि हम लोगों का एक बड़ा गिरोह है,जिसका मुख्य सरगना टीटू राणा है,इस गिरोह में 20 से 25 लोग हैं, जिसमें महिलाएं भी शामिल है, हम लोगों के द्वारा फर्जी दस्तावेजों को तैयार कर दूसरे की जमीन को तीसरे व्यक्ति को झांसा देकर फर्जी तरीके से कागज तैयार में करके बेच देते थे और करोड़ों रुपए प्राप्त करते थे.
यह लोग ऐसी जमीन को चिन्हित करते थे,जिसका मालिक गांव में नहीं रहता हो, उसके बाद उसके कागजात तैयार करते थे और फिर उन व्यक्तियों को ढूंढते थे जो जमीन खरीदना चाहते हैं और फिर फर्जी तरीके से कागजात तैयार कर बैनामा करा देते थे लेकिन जब बाद में जमीन पर कब्जे की बात आती थी तो लोगों को महसूस होता था कि उनके साथ में ठगी की वारदात की गई है. इसी तरह इन्होंने जारचा थाना क्षेत्र में 3 करोड़ की जमीन की ठगी की थी.
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी प्रदीप राणा का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है. इसके ऊपर करीब 20 मुकदमे दर्ज है.इसके अलावा प्रदीप के भाई टीटू उर्फ गौरव पर भी कई मुकदमे दर्ज है,यह काफी लोगों को अपना निशाना बना चुके हैं और करोड़ों रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम दे चुके है. फिलहाल पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस के जवान की लाइसेंसी पिस्टल से गर्लफ्रेंड ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं