- प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली‑NCR और गोवा में 32nd Avenue Group के सात ठिकानों पर छापेमारी की है
- इस मामले में निवेशकों से 500 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी होने की शिकायतें मिली हैं
- कंपनी के कुछ प्रमोटर‑डायरेक्टर्स फरार हैं जबकि कुछ न्यायिक हिरासत में हैं
दिल्ली‑NCR और गोवा में 32nd Avenue Group से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है. ED ने इस मामले में कुल 7 ठिकानों पर छापेमारी की है. यह कार्रवाई उन शिकायतों के आधार पर की गई है, जिनमें कई निवेशकों ने आरोप लगाया है कि इस ग्रुप ने उनसे पैसे लेकर धोखाधड़ी की.
निवेशकों से 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी
जानकारी के मुताबिक, निवेशकों से की गई ठगी की रकम 500 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकती है. निवेशकों की इन शिकायतों के बाद अलग‑अलग जगहों पर FIR दर्ज की गई थीं, जिनके आधार पर ED ने इस पूरे मामले में अपनी जांच शुरू की.
ये भी पढ़ें : 600 से ज्यादा पन्नों के फैसले को महज 5 मिनट में खारिज कर दिया...हाईकोर्ट में केजरीवाल की दलील
प्रमोटर‑डायरेक्टर्स की भूमिका संदिग्ध
इस घोटाले में कंपनी के प्रमोटर‑डायरेक्टर्स की स्थिति भी संदिग्ध बताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार, कुछ प्रमोटर‑डायरेक्टर्स फरार बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ इस समय न्यायिक हिरासत में हैं.
मनी ट्रेल की गहन जांच में जुटी ED
ED अब इस मामले में पैसों के लेन‑देन यानी मनी ट्रेल की गहराई से जांच कर रही है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि निवेशकों का पैसा किन‑किन खातों में ट्रांसफर किया गया, और कौन‑कौन सी संपत्तियां खरीदी गईं या उनमें निवेश किया गया.
संपत्तियों की पहचान कर अटैचमेंट की तैयारी
जांच का मकसद उन सभी संपत्तियों की पहचान करना है, जिन्हें कथित तौर पर ठगी की रकम से खरीदा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर आगे चलकर उन्हें जब्त (अटैच) किया जा सके. ED इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें : अशोक खरात के ठिकानों पर एक साथ IT-ED का छापा, नासिक-पुणे-शिरडी समेत 11 से अधिक जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी
जांच जारी, आगे और खुलासों की संभावना
फिलहाल इस मामले में जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है. ED की कार्रवाई से 32nd Avenue Group से जुड़े मामलों में जांच और तेज हो गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं