विज्ञापन

प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंधों को लेकर दिल्ली में सबसे ज्यादा हत्याएं, दूसरे नंबर पर रहा भारत का यह 'हाईटेक' शहर

NCRB Report: दिल्ली के बाद बेंगलुरु में प्रेम-प्रसंग से 11 और अवैध संबंधों से 19 मर्डर दर्ज हुए. मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में ये आंकड़े काफी कम रहे.

प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंधों को लेकर दिल्ली में सबसे ज्यादा हत्याएं, दूसरे नंबर पर रहा भारत का यह 'हाईटेक' शहर
दिल्ली में प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंधों को लेकर सबसे ज्यादा हुआ हत्याएं. (प्रतीकात्मक फोटो)

देश की राजधानी दिल्ली मेट्रो शहरों यानी महानगरों में से प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंधों की वजह से होनी वाली हत्याओं में पहले नंबर पर है. इसका खुलासा एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो) के ताजा आंकड़ों से पता चला है. जारी रिपोर्ट के अनुसार, शहर में 'प्रेम-प्रसंग' के चलते 11 मर्डर और 'अवैध संबंधों' को लेकर 30 हत्याएं दर्ज की गईं.

NCRB की 2024 की रिपोर्ट से पता चला कि 20 लाख से ज्यादा आबादी वाले 19 महानगरों में बेंगलुरु दूसरे स्थान पर रहा. दिल्ली के बाद यहां प्रेम-प्रसंग से जुड़े 11 मर्डर और अवैध संबंधों से जुड़े 19 मर्डर दर्ज किए गए. मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में इन दोनों श्रेणियों के तहत तुलनात्मक रूप से कम मर्डर दर्ज किए गए.

छोटी-मोटी बातों पर भी हुए 200 से ज्यादा मर्डर

दिल्ली में ज्यादातर मर्डर के मामलों में परिवार, संपत्ति और पैसे से जुड़े विवाद ही मुख्य वजह रहे. 'विवाद' श्रेणी के तहत कुल 313 मर्डर दर्ज किए गए, जिनमें से 228 'छोटी-मोटी बातों' पर हुए, इसके बाद 'पैसे' (40) और 'संपत्ति' (30) का नंबर आता है.

राष्ट्रीय राजधानी 'विवाद' और 'डकैती' जैसी अलग-अलग श्रेणियों में भी मर्डर के मामलों में सबसे ऊपर रही. रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में दिल्ली में डकैतों ने 87 लोगों की हत्या की. नागपुर में पैसे के विवाद से जुड़े 16 मर्डर दर्ज किए गए, जो महानगरों में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है.

दिल्ली 'निजी रंजिश या दुश्मनी' के चलते हुए मर्डर के मामलों में भी सबसे ऊपर रही, यहां ऐसे 81 मामले दर्ज किए गए. दुश्मनी के चलते हुए मर्डर के मामलों में सूरत दूसरे स्थान पर रहा, जहां 49 मर्डर हुए. इसके बाद बेंगलुरु (41), अहमदाबाद (31), और पटना व पुणे (दोनों में 25-25) का नंबर आता है.

NCRB के डेटा के अनुसार, दिल्ली में 19 मर्डर के पीछे की वजह अज्ञात रही, जबकि पटना में सबसे ज्यादा 51 'ब्लाइंड मर्डर' (जिनमें हत्यारे का पता न हो) दर्ज किए गए. NCRB के अनुसार, 2024 में पूरे देश में हत्या के 27,049 मामले दर्ज किए गए, जो 2023 के 27,721 मामलों की तुलना में 2.4 प्रतिशत की मामूली गिरावट दिखाता है.

रिपोर्ट में बताया गया है कि 2024 के दौरान, राष्ट्रीय स्तर पर हत्याओं के पीछे 'विवाद' (Disputes) सबसे बड़ा कारण बना रहा, जिसके 9,607 मामले दर्ज किए गए. इसके बाद 'निजी रंजिश या दुश्मनी' और 'फायदा' के मामले रहे, जिनकी संख्या क्रमशः 3,638 और 1,460 थी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NCRB 2024 Report, NCRB Report On Murder, Delhi Crime, Murder In Delhi NCRB Report
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com