विज्ञापन
This Article is From Apr 04, 2026

दिल्ली में बदबू मार रहे प्लास्टिक बैग ने उड़ाए होश, अंदर से निकली लाश

दिल्ली के मोती नगर में फैक्ट्री के गेट के बाहर एक बड़ा सफेद प्लास्टिक बैग सफेद रस्सी से कसकर बंधा हुआ था और उसमें से तेज बदबू आ रही थी, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए. इलाके में भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

दिल्ली में बदबू मार रहे प्लास्टिक बैग ने उड़ाए होश, अंदर से निकली लाश
  • पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर में फैक्ट्री के बाहर संदिग्ध प्लास्टिक बैग में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था.
  • मृतक की उम्र लगभग चालीस वर्ष बताई गई, जो नीली जींस और पीच रंग की शर्ट पहने था.
  • पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है.

पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक फैक्ट्री के बाहर पड़े एक संदिग्ध प्लास्टिक बैग से बदबू आने पर उसमें एक व्यक्ति की लाश बरामद हुई. यह पूरा मामला 4 अप्रैल 2026 का है, जब पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि राम रोड, प्रेम नगर फाटक के पास एक फैक्ट्री के बाहर एक बड़ा सफेद प्लास्टिक बैग संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ है.

सूचना मिलते ही मोती नगर थाना पुलिस, क्राइम टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. मौके पर देखा गया कि फैक्ट्री के गेट के बाहर एक बड़ा सफेद प्लास्टिक बैग सफेद रस्सी से कसकर बंधा हुआ था और उसमें से तेज बदबू आ रही थी, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए. इलाके में भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

पुलिस ने जब बैग को खुलवाया तो अंदर से करीब 40 साल के एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जो पूरी तरह से सड़ी-गली हालत में था. मृतक ने नीली जींस और पीच रंग की फुल स्लीव शर्ट पहन रखी थी और उसके चेहरे पर हल्की दाढ़ी थी. शुरुआती जांच में शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन जिस तरह से शव को बैग में पैक कर फैक्ट्री के बाहर फेंका गया, उससे हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है.

इस मामले में अहम जानकारी फैक्ट्री के सिक्योरिटी गार्ड शंकर ने दी. उसने बताया कि 3 अप्रैल की रात वह फैक्ट्री परिसर में मच्छरों के कारण ड्यूटी के दौरान कहीं और जाकर सो गया था. जब वह 4 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे वापस लौटा, तो उसने गेट के बाहर यह संदिग्ध बैग देखा. पास जाकर देखने पर बदबू आने लगी, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

मौके पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, सैंपल इकट्ठा किए और पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी की गई. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह बैग यहां कब और कौन छोड़कर गया. शव को कब्जे में लेकर डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है.

ये भी पढें :  कटिहार में युवक की मौत पर भड़की भीड़ का पुलिस पर हमला, राइफल छीनी, कहा- बिहारी का पॉवर देख लीजिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Moti Nagar Dead Body, Delhi News, Plastic Bag Dead Body, Dead Body Found In Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com