अमरनाथ यात्रा के दौरान एक महिला श्रद्धालु की नहाते समय कथित तौर पर वीडियो बनाने के आरोप में एक पुलिस कांस्टेबल को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. भारतीय रिजर्व पुलिस की 19वीं बटालियन के कांस्टेबल तारिक अहमद पर रणवीर दंड संहिता की धारा 354 (किसी महिला की गरिमा को नुकसान पहुंचाना) के तहत त्रिकुटा नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया. हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया. पुलिस के अनुसार अहमद बुधवार रात को रेलवे स्टेशन पर बने शिविर के स्नानघर के अंदर चुपके से अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना रहा था.
अमरनाथ यात्रा: अब तक 11 हजार से ज्यादा लोगों ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन
महिला को जैसे ही इसकी भनक लगी उसने लोगों को एकत्र कर लिया. तब लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार करके उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. आपको बता दें कि मंगलवार तक अमरनाथ गुफा (Amarnath Gufa) में 11,456 तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे. पुलिस ने कहा, "4,694 यत्रियों का एक और जत्था आज सुबह भगवती नगर यात्री निवास से कश्मीर घाटी के लिए सुरक्षा काफिले में रवाना हुआ. इनमें से 2,052 बालटाल आधार शिविर और 2,642 पहलगाम के लिए रवाना हुए हैं. जम्मू से पहला जत्था तड़के साढ़े तीन बजे, जबकि दूसरा तड़के चार बजकर पांच मिनट पर रवाना हुआ. (इनपुट-भाषा)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं