कर्नाटक से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बस का इंतजार कर रही एक युवती पर एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है. वहीं, आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है.
मामला बंटवाल के बीसी रोड स्थित बस स्टैंड का है, जहां एक अनजान शख्स ने धारदार हथियार से हमला कर एक युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
पीड़िता की पहचान काक्यापाडावु की रहने वाली लावण्या के तौर पर हुई है, जो कल्लाडका के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करती है.
बस का इंतजार कर रही थी युवती
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शाम करीब 6 बजे हुई जब वह बस का इंतजार कर रही थी. शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि आरोपी ने अपने बैग से धारदार हथियार निकाला, जिसके बाद महिला ने भागने की कोशिश की. हमलावर ने उसका पीछा किया, हथियार से उस पर हमला किया और मौके से भाग गया.
आरोपी की तलाश जारी
बंटवाल सब-डिविजन के सीनियर पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ बंटवाल टाउन पुलिस इंस्पेक्टर और अन्य कर्मचारियों ने घटनास्थल का दौरा किया. मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है.
युवती का अस्पताल में चल रहा इलाज
लावण्या को बंटवाल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने कहा कि हमले के पीछे की वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का अभी पता नहीं चल पाया है. आगे की जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं