- इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे टी20 मैच में इंग्लैंड ने 304 रन बनाए थे
- टी20 में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के नाम है जिन्होंने 344 रन बनाए थे
- जिम्बाब्वे ने 2024 में गाम्बिया के खिलाफ 344 रन बनाकर यह रिकॉर्ड बनाया था
England vs South Africa, 2nd T20I: इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला 12 सितंबर 2025 को मैनचेस्टर में खेला गया. जहां मैदान में इंग्लिश बल्लेबाजों का कहर देखने को मिला. परिणाम यह रहा कि टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने 20 ओवरों में महज दो विकेट के नुकसान पर 304 रन कूट डाले. जिसे देख पूरी दुनिया हैरान रह गई. लोगों को लगता है कि इंग्लैंड की टीम टी20 फॉर्मेट में 300 के आंकड़े को पार करते हुए एक मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है. मगर यह सच नहीं है. टी20 फॉर्मेट के एक मैच में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के नाम दर्ज है. जिन्होंने साल 2024 में गाम्बिया के खिलाफ एक मुकाबले में 344/4 रन ठोक डाले थे.
दरअसल, पिछले साल यानि कि 2024 में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप उप क्षेत्रीय अफ्रीका क्वालीफायर ग्रुप बी के 12वें मैच में जिम्बाब्वे की भिड़ंत गाम्बिया से हुई थी. जहां जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा एक अलग ही अंदाज में नजर आए. उन्होंने चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुल 43 गेंदों का सामना किया. इस बीच 309.30 की स्ट्राइक रेट से देखते ही देखते नाबाद 133 रन कूट डाले. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से सात चौके और 15 खूबसूरत छक्के देखने को मिले थे.
जिम्बाब्वे और गाम्बिया के बीच खेले गए इस मैच में केवल रजा का ही बल्ला नहीं चला था. उनकी तरफ से ब्रायन बेनेट (50), टी मारुमानी (62) और क्लाइव मदांडे (नाबाद 53) भी अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे. नतीजन पूरी टीम 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 344 रन बनाने में कामयाब हुई थी.
54 रनों पर ढेर हो गई गाम्बिया
जिम्बाब्वे की तरफ से जीत के लिए मिले 345 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी गाम्बिया की टीम 14.4 ओवरों में महज 54 रनों पर ढेर हो गई. टीम के खस्ता हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल आंद्रे जार्जू (नाबाद 12) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए. बाकी के अन्य बल्लेबाज सिंगल डिजिट में ही आउट हुए. नतीजन इस मुकाबले को जिम्बाब्वे की टीम 290 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम करने में कामयाब रही.
गेंदबाजी के दौरान जिम्बाब्वे की तरफ से रिचर्ड नगारवा और ब्रैंडन मावुता ने क्रमशः तीन-तीन सफलता प्राप्त की. उनके अलावा वेस्ली मधेवेरे के खाते में दो, जबकि रयान बर्ल ने एक विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें- नंगा होकर मैदान में घूमूंगा, अगर इस खिलाड़ी ने नहीं लगाया शतक, मैथ्यू हेडन के बयान से चौंकी दुनिया