भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने बेहद ही कम समय में अपने बेहतरीन खेल से एक अलग मुकाम हासिल कर लिया है. पारी का आगाज करते हुए उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी टीम के लिए उन्हें एक अहम खिलाड़ी बनाती है. मगर भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज और उनके मेंटर युवराज सिंह सिर्फ उनकी बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि उनकी नेतृत्व क्षमता से भी प्रभावित हैं. युवी का मानना है अभिषेक मैदान में एक उभरते हुए लीडर की झलक दिखा रहे हैं. मगर वह एक बात से निराश भी हैं. वो ये कि इतने शानदार खेल के बावजूद अभिषेक को वनडे फॉर्मेट से क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है.
क्रिकबज के साथ हुई बातचीत के दौरान भारतीय दिग्गज ने कहा, 'यह कहना अभी काफी जल्दबाजी होगा कि वह कप्तान बनने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं या नहीं. मगर मुझे लगता है कि उनमें एक लीडर बनने के सारे गुण मौजूद हैं.'
भारतीय टीम की कप्तानी के बारे में जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'अगर आप भारतीय टीम की कप्तानी करना चाहते हैं तो मेरे हिसाब से पहले आपको अपनी आईपीएल टीम की कप्तानी करनी चाहिए. जिससे आपको आत्मविश्वास मिलेगा.'
हालांकि, युवराज ने ये भी माना कि कप्तानी किसी खिलाड़ी के करियर की सफलता का पैमाना नहीं है. उन्होंने कहा, 'समय बताएगा कि वह इसके लिए सक्षम हैं या नहीं. उनकी किस्मत में जो होगा. उन्हें जरूर मिलेगा. अगर नहीं मिला तो भी कोई बात नहीं. मुझे उनके ऊपर पूरा भरोसा है. वह कप्तान बनें या न बनें, लेकिन एक शानदार व्हाइट बॉल क्रिकेटर के रूप में अपना करियर खत्म करेंगे.'
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद अब तक अभिषेक को वनडे में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है. उन्होंने कहा, 'वह लंबे समय से व्हाइट बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहा है. वनडे टीम में जगह बनाने के लिए उसे और क्या करना चाहिए? मुझे समझ नहीं आ रहा है. शायद उसे गेंदबाजी और फील्डिंग में ज्यादा योगदान देना होगा. मगर यह तो तभी संभव है जब उसे मौका मिलेगा.'
यह भी पढ़ें- IND vs NZ ODI: सीरीज का आगाज नहीं हुआ, न्यूजीलैंड की लग गई लंका, 2 स्टार खिलाड़ी हुए बाहर, जानें किन्हें मिला मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं