
आईपीएल सीज़न-8 की नीलामी में युवराज सिंह की 16 करोड़ की बोली लगी और वो सातवें आसमान पर थे। वर्ल्डकप न खेलने का गम उन्हें ज़रूर होगा, लेकिन 16 करोड़ की रकम इस ज़ख़्म पर थोड़ा मरहम तो लगा ही सकती है।
लेकिन, वो जल्द ही एक नई मुसीबत में फंस गए जब पत्रकारों ने उनकी इस रिकॉर्ड राशि पर उनके पिता की प्रतिक्रिया लेनी चाही। युवराज के पिता योगराज सिंह ने इस मौके पर टीम इंडिया के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी पर निशाना साधा और युवराज के
वर्ल्डकप में न खेल पाने के लिए कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को दोषी ठहराया।
योगराज सिंह ने कहा " धोनी नहीं चाहते हैं कि युवराज सिंह टीम इंडिया में आए और आज अगर युवराज सिंह टीम इंडिया में नहीं हैं तो इसके लिए सिर्फ़ धोनी ही ज़िम्मेदार हैं।"
पिता के इस बयान से भौंचक्के युवराज ने जल्द ही ट्वीट कर अपनी स्थिती साफ़ कर दी। युवी ने ट्वीट कर कहा, "हर पिता की तरह मेरे पिता भी भावुक हैं और इसीलिए उन्होंने ऐसा कहा। मैं पहले भी धोनी की कप्तानी में खेला हूं और आगे भी मौक़ा मिला तो मैं खुशी से उनकी टीम में खेलूंगा।"
वैसे योगराज सिंह पहले ऐसी आदमी नहीं है, जिन्होंने ऐसा कहा हो लेकिन युवी का पूरा फोकस अपने खेल पर ही है और अपने बल्ले से ही जवाब देना ज़्यादा पसंद करेंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं