विज्ञापन

'आपने कभी उन पलों का पीछा नहीं किया', सचिन ने दी रहाणे को शुभकामना, कोहली ने बताया 'पसंदीदा साझीदार'

अजिंक्य रहाणे ने वीरवार को सभी फॉर्मेटों से संन्यास का ऐलान किया, तो दिग्गज क्रिकेटरों ने उन्हें और उनके साथ बिताए पलों को अपने अंदाज में याद किया

'आपने कभी उन पलों का पीछा नहीं किया', सचिन ने दी रहाणे को शुभकामना, कोहली ने बताया 'पसंदीदा साझीदार'
सचिन ने अजिंक्य रहाणे के लिए बहुत ही अहम शब्द कहे हैं
X: social media

Sachin Tendulkar on Ajinkya Rahane: स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अजिंक्य रहाणे की तारीफ करते हुए उन्हें अपना ‘पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार' बताया जबकि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने उनके करियर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी ‘महत्वपूर्ण पलों का पीछा नहीं किया.' भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेले के तीन साल बाद 38 वर्षीय रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की. उन्होंने 2011 से 2023 के बीच भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. कोहली और रहाणे ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी करते हुए 10 शतकीय और 19 अर्धशतकीय साझेदारियां कीं. उनकी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 365 रन की रही. इसमें  कोहली ने 211 और रहाणे ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 188 रन की पारी खेली.

कोहली ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई. आपने भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार योगदान दिया है और अपनी यात्रा पर गर्व कर सकते हैं. स्लिप में सबसे सुरक्षित खिलाड़ियों में से एक और मेरे पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार. आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं.' तेंदुलकर ने उस समय को याद किया जब उन्होंने मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी में पहली बार इस प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज के साथ बल्लेबाजी की थी.

तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘शानदार करियर के लिए बधाई. जब हमने पहली बार मुंबई के लिए साथ बल्लेबाजी की तब मैंने ऐसे खिलाड़ी को देखा जो कभी महत्वपूर्ण पलों का पीछा नहीं करता था. वे पल खुद आपके पास आए क्योंकि आप टीम के लिए कड़ी मेहनत करने को तैयार रहते थे. यही गुण ऑस्ट्रेलिया में आपकी सबसे यादगार उपलब्धि की पहचान बना.' उन्होंने कहा, ‘आपने दिखाया कि धैर्य आक्रामकता का विपरीत नहीं है, बल्कि अक्सर वही किसी टीम को निडर होकर खेलने का आत्मविश्वास देता है. शानदार करियर के लिए बधाई. आपको और आपके परिवार को भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं.' वहीं, पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि यह सीनियर बल्लेबाज अपने करियर पर बहुत गर्व कर सकता है.

पुजारा ने एक्स पर लिखा, ‘अजिंक्य आपको ऐसे करियर के लिए बधाई जिस पर आप बेहद गर्व कर सकते हैं. आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है. आपको और आपके परिवार को नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.'

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा, ‘एक शानदार करियर का अंत हो गया. भारतीय क्रिकेट में आपके अमूल्य योगदान और कई अमिट यादों के लिए आपका आभार. आपको नहीं पारी के लिए शुभकामनाएं.'

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने मैदान पर रहाणे के जुझारूपन की सराहना की. सहवाग ने 2020-2021 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत का जिक्र करते हुए लिखा, ‘भारत के सबसे कम आंके जाने वाले क्रिकेटरों में से एक और वह व्यक्ति जिसने भारत को विदेशों में टेस्ट सीरीज में अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलाई. अंजिक्य रहाणे। शांत, मजबूत. कभी शोर नहीं किया और अपना सर्वश्रेष्ठ देता रहा.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Ajinkya Madhukar Rahane, Sachin Ramesh Tendulkar, Virat Kohli, Virender Sehwag, Board Of Control For Cricket In India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com