विज्ञापन

यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा की बढ़ी मुसीबत, NADA ने क्यों थमाया नोटिस?

यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा को पिछले साल निर्धारित डोप परीक्षण के लिए उपलब्ध न होने के कारण राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी ने नोटिस जारी किया है.

यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा की बढ़ी मुसीबत, NADA ने क्यों थमाया नोटिस?
Yashasvi Jaiswal And Shafali Verma

भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) और शेफाली वर्मा (Shafali Verma) को पिछले साल निर्धारित डोप परीक्षण के लिए उपलब्ध न होने के कारण राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने नोटिस जारी किया है. विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि नाडा के पंजीकृत परीक्षण पूल (आरटीपी) का हिस्सा रहे दोनों खिलाड़ियों ने परीक्षण के लिए उपलब्ध नहीं रहने के कारण नहीं बताए हैं. इस कारण उन्हें नोटिस जारी किए गए. एक विश्वसनीय सूत्र ने पीटीआई को बताया, 'संबंधित खिलाड़ियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और इसकी सूचना राष्ट्रीय महासंघ और आईसीसी (ICC) को भी दे दी गई है.'

नाडा ने हालांकि गोपनीयता का हवाला देते हुए इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने संपर्क करने पर इसकी पुष्टि की. सूत्र ने कहा, 'हमें नाडा से छूटे हुए परीक्षणों के बारे में सूचना मिली है. हम पता लगाएंगे कि ऐसा कैसे हुआ. भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए हम जरूरी उपाय करेंगे.'

उन्होंने कहा, 'क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी हो गई है और हमें सभी प्रोटोकॉल का पालन करना होगा ताकि सब कुछ सुचारू रूप से आगे बढ़े.'क्रिकेट को 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में शामिल किया गया है. यशस्वी फिलहाल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रही हैं, जबकि शेफाली उस भारतीय महिला टीम का हिस्सा थीं जिसने हाल ही में सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था.

आरटीपी में शामिल खिलाड़ियों को डोपिंग रोधी एजेंसी के साथ अपने ठिकाने की जानकारी साझा करनी होती है और प्रतिदिन किसी तय की गई समय सीमा में परीक्षण के लिए उपलब्ध रहना होता है. तीन बार टेस्ट न देना डोपिंग का उल्लंघन माना जाता है और इसके कारण खिलाड़ी को निलंबित भी किया जा सकता है.

अभी नाडा की आरटीपी सूची में 348 खिलाड़ी शामिल हैं जिनमें 13 क्रिकेटर हैं. भारत के टी20 टीम के धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ऑलराउंडर अक्षर पटेल को हाल में ही इस सूची में शामिल किया गया था. उन्होंने स्मृति मंधाना और श्रेयस अय्यर की जगह ली है.

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा भी इस सूची में शामिल हैं. पिछले साल वनडे विश्व कप जीतने वाली महिला टीम से ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, शेफाली और रेणुका सिंह ठाकुर को इस सूची में रखा गया है. 

यह भी पढ़ें- 'अभी क्या करूं मैं?', रोहित के साथ सेल्फी लेने आई महिला फैन का फोन हुआ स्विच ऑफ, फिर क्या हुआ? VIDEO

लेखक के बारे में
img
राकेश कुमार सिंह
Senior Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Yashasvi Bhupendra Kumar Jaiswal, Shafali Verma, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com