विज्ञापन

वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड दौरे पर मिलेगा मौका? चेतेश्वर पुजारा ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी

चेतेश्वर पुजारा ने उन कारणों को गिनाया है कि क्यों संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी एक साथ प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हो सकते हैं.

वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड दौरे पर मिलेगा मौका? चेतेश्वर पुजारा ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी
वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड दौरे पर मिलेगा मौका?

इंग्लैंड के खिलाफ अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बाद वैभव को दूसरे मौके के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. स्पिन ट्रैक को देखते हुए एशियन गेम्स में परिस्थितियों के चलते उन्हें और संजू सैमसन दोनों को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई, लेकिन जैसे ही स्थितियां  सामान्य हुई, वैभव को बेंच पर बैठना पड़ा. भारत और वेस्टइंडीज के बीच हुई पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के दौरान वैभव प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं रहे. टीम इंडिया अब न्यूजीलैंड के दौरे पर जाएगा, जहां दोनों के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज होनी है और पूर्व भारतीय स्टार चेतेश्वर पुजारा की मानें तो इस दौरे पर भी वैभव को मौका नहीं मिलेगा. 

चेतेश्वर पुजारा का मानना ​​है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में टीम को बेहतर संतुलन बनाने के लिए ज़्यादा ऑलराउंडरों की ज़रूरत पड़ सकती है. ऐसे में वैभव इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे. साथ ही पुजारा ने कहा है कि टी20 क्रिकेट में टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों के लिए 'निरंतरता' को कुछ ज़्यादा ही अहमियत दी जाती है. उन्होंने संजू सैमसन का समर्थन करते हुए कहा कि एक अच्छी पारी खेलते ही वे फिर से फॉर्म में लौट सकते हैं. 

संजू कभी भी आ सकते हैं फॉर्म में

जियोहॉटस्टार के शो 'आउट ऑर नॉट आउट'में संजू सैमसन के उतार-चढ़ाव वाले प्रदर्शन पर चर्चा करते हुए पुजारा ने कहा,"निरंतरता होनी चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि टी20 में टॉपऑर्डर के लिए निरंतरता को कुछ ज़्यादा ही अहमियत दी जाती है." "वे कभी भी फॉर्म से बाहर नहीं होते. टी20 फॉर्मेट में संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी का प्रदर्शन ऊपर-नीचे होता रहता है. लेकिन यह हमेशा सिर्फ एक अच्छी पारी की बात होती है. जैसे ही वे एक अच्छी पारी खेलते हैं, वे वापस फॉर्म में आ जाते हैं." उन्होंने आगे कहा,"इसलिए, आप यह नहीं कह सकते कि यह खिलाड़ी फॉर्म में नहीं है. T20 फॉर्मेट में तो कभी-कभी आप फेल होंगे ही. टी20 में कौन आउट नहीं होता?"

वैभव को नहीं मिलेगा मौका 

पुजारा ने माना है कि न्यूजीलैंड में संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी एक साथ प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हो सकते और ऐसे में वैभव को बाहर बैठना पड़ सकता है. पुजारा ने कहा,"न्यूज़ीलैंड में वैभव का हर मैच खेलना थोड़ा मुश्किल लगता है, क्योंकि वहां आपको ज्यादा ऑलराउंडरों की जरूरत होती है- चाहे वे स्पिन ऑलराउंडर हों या सीमिंग ऑलराउंडर. इसलिए, वहां आपको बहुत ज़्यादा बल्लेबाजों की जरूरत नहीं होती, खासकर टॉप-ऑर्डर में." "या तो संजू सैमसन ओपन कर सकते हैं या फिर वैभव. मुझे नहीं लगता कि न्यूज़ीलैंड की परिस्थितियों में ये दोनों एक साथ प्लेइंग XI का हिस्सा हो सकते हैं." "इसलिए, वैभव को इंतजार करना होगा, लेकिन उन्हें मौके जरूर मिलेंगे."

हालाकि, पुजारा ने स्पष्ट किया कि अगर हालात या खिलाड़ियों की उपलब्धता के कारण कोई जगह बनती है, तो सूर्यवंशी को इस सीरीज़ में खेलने का मौका मिल सकता है. उन्होंने कहा,"अगर हालात या खिलाड़ियों की फिटनेस के आधार पर उनके लिए जगह बनती है, तो ठीक है. लेकिन न्यूज़ीलैंड में संजू और वैभव, दोनों एक साथ प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं हो सकते."

अभिषेक नायर ने भी इस बात का समर्थन किया कि जब संजू सैमसन रन नहीं बना पाते, तो टीम में उनकी जगह पर सवाल उठने लगते हैं; लेकिन फिर यह विकेटकीपर-बल्लेबाज़ एक बड़ी पारी खेलकर अपने आलोचकों का मुंह बंद कर देता है. नायर ने कहा,"संजू लोगों की भावनाओं के साथ खेलते हैं, क्योंकि वह लगातार दो मैचों में रन नहीं बनाते, और हर कोई सवाल उठाना शुरू कर देता है." उन्होंने आगे कहा कि सूर्यवंशी को अपने मौकों के लिए इंतज़ार करना पड़ सकता है. उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि टीम का संतुलन और बल्लेबाज़ों का 'लेफ्ट-राइट' कॉम्बिनेशन, खिलाड़ियों के चयन में बहुत अहम होगा.

यह भी पढ़ें: गौतम गंभीर के इस प्लान से खुश नहीं सुनील गावस्कर,टीम कॉम्बिनेशन में की तत्काल बदलाव की मांग

यह भी पढ़ें: Success Story: बंदूकों के बीच बीता बचपन, मां को रहता था डर, दिलचस्प है राइजा ढिल्लों के शूटिंग करियर की कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com