Aaron Finch on Vaibhav Sooryavanshi : बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप 2021 का खिताब जिताने वाले आरोन फिंच का मानना है कि आईपीएल 2026 में धमाल मचा रहे वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल करने का सही समय आ गया है. राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के 5 मुकाबलों में 40 की औसत के साथ 200 रन बनाए हैं. इस दौरान 2 अर्धशतक लगाए. वैभव सूर्यवंशी को भारत की टी20 टीम में शामिल करने की बढ़ती मांग के बारे में, फिंच ने एक संतुलित नजरिए की वकालत की.उनका कहना था कि हमें वर्ल्ड कप जीतने वाले अनुभवी खिलाड़ियों का सम्मान करना चाहिए, साथ ही इस युवा खिलाड़ी के विकास पर भी ध्यान देना चाहिए.
फिंच ने टाटा आईपीएल 2026 के 'राइवलरी वीक' के दौरान कहा, "शायद यह सही समय है कि उन्हें टीम के साथ जोड़ा जाए, उन्हें थोड़ा समय दिया जाए, लेकिन यह भी बहुत जरूरी है कि आप उन खिलाड़ियों का सम्मान करें जो भारत के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं."अपनी बात आगे ले जाते हुए फिंच ने कहा, "मेरा मानना है कि भारत के लिए क्रिकेट खेलना, सबसे ज्यादा दबाव वाला काम है जो कोई भी महसूस कर सकता है, वे अभी-अभी वर्ल्ड कप (अंडर-19) जीतकर आए हैं, इस बात का सम्मान करते हुए और इसे समझते हुए, हमें यह देखना होगा कि टीम में पहले से ही अच्छे खिलाड़ी मौजूद हैं, हां, एक बहुत ही शानदार युवा खिलाड़ी भी उभरकर सामने आ रहा है, लेकिन मौजूदा खिलाड़ियों ने क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर खुद को साबित किया है, इसलिए मुझे लगता है कि हमें अभी भी उन खिलाड़ियों का सम्मान करना चाहिए और सही मौके का इंतजार करना चाहिए,"
उन्होंने कहा, "अगर किसी खिलाड़ी की फॉर्म ठीक नहीं है, या चोट की वजह से फिटनेस में कोई दिक्कत है, और ऐसे में अगर वैभव को टीम में शामिल किया जा सकता है, तो क्यों नहीं? उन्हें आजमाकर देखना चाहिए, लेकिन मुझे यह भी लगता है कि उस बच्चे को बस खेलने देना चाहिए, उन्हें एक युवा खिलाड़ी के तौर पर ही रहने देना चाहिए और उन्हें खेल सीखते रहने देना चाहिए, जाहिर है, वह बहुत तेजी से सीखते हैं, चाहे बात तकनीकी पहलुओं की हो या रणनीतिक पहलुओं की, लेकिन उसे अभी भी बहुत कुछ सीखना बाकी है."
ऑस्ट्रेलियाई पूर्व कप्तान ने अपनी बात आगे ले जाते हुए कहा, " मुझे उसकी यह बात बहुत पसंद है कि वह अक्सर अलग-अलग योजनाओं के साथ मैदान पर उतरता है. यह एक खिलाड़ी के तौर पर और एक युवा व्यक्ति के तौर पर उसके विकास को दर्शाता है. यह सचमुच एक बेहतरीन हुनर है, और इसमें कोई शक नहीं कि उसे मौका जरूर मिलेगा. लेकिन इस युवा खिलाड़ी पर बहुत ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए. बस उसे अपना खेल खेलने देना चाहिए."
ये भी पढ़ें- Video: सपने सच होते हैं... विराट कोहली से मिलकर इमोशनल हुए मुकुल चौधरी, रिएक्शन ने जीता दिल
ये भी पढ़ें- Virat Kohli: विराट कोहली का IPL में तहलका, ऐसा महारिकॉर्ड बनाकर रचा इतिहास, भारत के पहले बल्लेबाज बने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं