Sourav Ganguly on MS Dhoni's IPL Retirement: 44 साल के एमएस धोनी 2026 के आईपीएल में चेन्नई टीम का हिस्सा होंगे, ये फिलहाल अडिग सत्य नज़र आ रहा है. लेकिन धोनी के मन में क्या चल रहा है, वो कितने मैच खेलेंगे, क्या ये आईपीएल उनका आख़िरी आईपीएल होगा- ऐसे कई सवालों के जवाब सिर्फ़ और सिर्फ़ धोनी के पास हैं. बाक़ी सबकुछ अटकलबाज़ी और माया है. एमएस धोनी को लेकर सवाल पूछे जाने पर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने जो कुछ कहा उसने धोनी और उनके अनहोनी फ़ैसलों को और भी रहस्यमय बना दिया. दिल्ली में ‘जैक्सन ग्रुप' का ब्रैंड अंबैसडर बनने के मौक़े पर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने धोनी के लेकर एक दिलचस्प बयान दिया.
ये भी पढ़ें- IPL 2026 में कितनी है Vaibhav Suryavanshi की सैलरी? जानिए कुल नेटवर्थ
ये भी पढ़ें- मैच डे प्रैक्टिस बैन, परिवार की एंट्री पर सख्ती..BCCI ने आखिरी समय में IPL 2026 के लिए बदला नियम
क्या ये धोनी का आख़िरी साल, क्या करेंगे धोनी?
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इस मौक़े पर IPL के पहले सीज़न को याद करते हुए कहा, “मुझे आज भी याद है मैंने पहले IPL की पहली गेंद का सामना किया था और पहले मैच में हमने बैंगलोर को अच्छी तरह से हराया था. और अब, पिछली बार बैंगलोर चैंपियन बन गई.” उन्होंने धोनी पर पूछे जाने पर कहा, “मैं जानता हूं मुझे इस बारे में धोनी को क्या सलाह देनी है. लेकिन वो मैं सिर्फ़ धोनी को कहूंगा किसी और को नहीं बताऊंगा.” गांगुली के ये कहते ही धोनी को लेकर क्रिकेट सर्किट में और भी कयास लगने शुरू हो गए. पिछले साल धोनी ने मैच के बाद प्रेज़ेन्टेशन के दौरान कहा था कि वो दर्शकों के प्यार की वजह से कम-से-कम एक और सीज़न आईपीएल खेलना चाहते हैं, बशर्ते उनका शरीर और फिटनेस इसकी अनुमति दे.
कैसा रहा धोनी का पिछला साल?
IPL में धोनी ने अबतक 278 मैचों में 100 बार नॉटआउट रहते हुए 138 के स्ट्राइक रेट से 5439 रन बनाए जिसमें उनकी 24 अर्द्धशतकीय पारियां हैं. पिछले साल 2025 में धोनी ने 14 मैचों में 136 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए जिसमें उनका सर्वाधिक नाबाद 30 रन रहा. पिछले साल उन्होंने 6 कैच लपके और 5 स्टंप्स भी किए.
कौन बनेगा धोनी का उत्तराधिकारी?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने JioHotstar से बात करते हुए तस्वीर से थोड़ी और धुंध हटायी. आकाश चोपड़ा का मानना है कि 2026 धोनी का आख़िरी सीज़न होगा और संजू सौमसन उनके उत्तराधिकारी साबित होंगे. आकाश चोपड़ा ने कहा, “आप डगआउट में बैठकर क्रिकेट नहीं खेल सकते. ये फ़ुटबॉल नहीं है. एमएस धोनी में किसी से भी बेहतर गेम समझने की क्षमता है. उनके गेम की समझ और उनके फ़ैसले के प्रति उनका भरोसा ही उन्हें धोनी बनाता है. वैसे भी मुझे लगता है कि ये धोनी का आख़िरी सीज़न होगा.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं