विज्ञापन

अभिषेक शर्मा ने कैमरा मैन से की गुजारिश, अगले मैच में क्या दिखाने को कहा?

"जब भी मैं नॉन स्ट्राइकर एंड पर जाता हूं तो वो मुझे इशारों में बताते हैं कि कैसे खेलना है." अभिषेक ने किसके बारे में ये कहा?

अभिषेक शर्मा ने कैमरा मैन से की गुजारिश, अगले मैच में क्या दिखाने को कहा?
BCCI

बीती रात जब अभिषेक शर्मा ने शतकीय पारी खेलने के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता तो उन्होंने मैच के दौरान का एक मजेदार वाकया सुनाया और साथ ही यह भी कहा कि अगली बार से कैमरा स्टेडियम में मौजूद उनके पापा को जरूर दिखाए. दिल्ली कैपिटल के खिलाफ रिकॉर्ड शतकीय पारी खेलने के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा कि वो और ट्रैविस हेड शुरू में आक्रामक बल्लेबाजी करने का टारगेट सेट किए थे लेकिन धीमी पिच होने के कारण उन्हें इसे बदलना पड़ा. 

हालांकि बाद में अभिषेक ने मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी की और केवल 47 गेंदों पर IPL का अपना दूसरा शतक जमा दिया. इस दौरान अभिषेक ने 9 चौके जमाए और उससे भी अधिक 10 छक्के बरसा दिए. पावर हिटिंग का जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले अभिषेक ने केवल 68 गेंदों पर नाबाद 135 रन बनाए. 

मैच के बाद अभिषेक ने इस शतकीय पारी का क्रेडिट अपने मां-पापा के साथ ही बहन को भी दिया. 

इसी दौरान अभिषेक ने कहा, "मुझे नहीं पता कि अंडर-12 के समय से ही कैसे मेरे पापा साइट स्क्रीन के पास अपनी जगह बनाते आए हैं. पर एक बात तय है कि वो आज भी साइट स्क्रीन के पास वाली अपनी सीट से मुझे इशारों-इशारों में बताते रहते हैं कि शॉट्स कैसे खेलने हैं."

अभिषेक बोले, "जब भी मैं नॉन स्ट्राइकर एंड पर जाता हूं तो वो मुझे इशारों में बताते हैं कि कैसे खेलना है."

फिर जो अभिषेक ने कहा उसे सुन कर वहां मौजूद सभी चेहरों पर मुस्कुराहट फैल गई. अभिषेक ने मजाक-मजाक में कहा, "मैं चाहता हूं कि अगली बार कैमरा उनकी तरफ जरूर जाए. सच में बहुत मजा आएगा कि वो कैसे मुझे वो इंस्ट्रक्शन दे रहे हैं. ये देखना दिलचस्प होगा कि मैं हमेशा उनकी तरफ देखता हूं और वो मेरी तरफ... मुझे उससे भी मदद मिलती है."   

अभिषेक पिछले साल भी IPL में शतक जमाए थे, उस दौरान भी उनके बल्ले से 10 छक्के ही निकले थे. बता दें कि तब अभिषेक एक पारी में सबसे अधिक छक्के जमाने वाले IPL क्रिकेटर्स की टॉप-10 क्लब में आ गए थे, लेकिन केवल 14 दिनों बाद ही उन्हें वहां से वैभव सूर्यवंशी ने बाहर कर दिया था.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: BCCI

IPL में 10 छक्के जमाने वाले क्रिकेटर

अभिषेक शर्मा के अलावा IPL में क्विंटन डी-कॉक, एडम गिलक्रिस्ट, शुभमन गिल, विल जैक्स, श्रेयस अय्यर, राशिद खान, किरोन पोलार्ड और संजू सैमसन जैसे क्रिकेटर्स ने एक पारी में 10 छक्के जमाए हैं.

कोहली की बराबरी

अभिषेक को उनके 81वें मैच में 7वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया जो कि एक रिकॉर्ड है. यह अभिषेक शर्मा का टी20 क्रिकेट में 9वां शतक है, उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की है. टी20 में सबसे अधिक 22 शतक जमाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है. उसके बाद बाबर आजम (12) और डेविड वॉर्नर (10) आते हैं. अब अभिषेक, कोहली के साथ-साथ क्विंटन डी-कॉक, साहिबजादा फरहान और राइली रूसो के साथ टी20 में  9 शतक जमाने वाले बल्लेबाजों के क्लब में आ गए हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com