पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम को कौन नहीं जानता हैं. उनके दमदार गेंदबाजी के आज भी लोग कायल हैं. उनकी शानदार गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें 'सुल्तान ऑफ स्विंग' कहा जाता है. कई युवा खिलाड़ियों के वह रोल मॉडल हैं. मगर क्या आपको पता है दिग्गज वसीम अकरम के रोल मॉडल कौन थे? अगर नहीं पता तो उन्होंने खुद उसका जवाब दिया है. अकरम से जब पूछा गया कि रोल मॉडल के तौर पर आप किसे देखते थे? तो उन्होंने जवाब में कहा, 'मैंने सिर्फ एक ही बंदे को देखकर बड़ा हुआ हूं. वह हैं ग्रेट इमरान खान.'
यहीं नहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या आप किसी अंधविश्वास में विश्वास करते थे? तो उन्होंने कहा, 'बॉलिंग में नहीं थी. बैटिंग में थी जो कम आती थी. मैं सीधा पहला पैड पहनता था. हालांकि, उससे कभी मदद नहीं मिली. मगर मैंने प्रयास किया.'
वह खिलाड़ी जिसका विकेट लेकर आपको सबसे ज्यादा प्रसन्नता हुई? सवाल के जवाब में अकरम ने कहा, 'मुझे लगता है क्रिकेट करियर की शुरुआत में वो सुनील गावस्कर साहब थे.'
मौजूदा दौर का वह कौन सा खिलाड़ी है. जिसके साथ आप खेलना पसंद करेंगे? इसके जवाब में अकरम ने कहा, ' मुझे लगता है आजकल के क्रिकेट में किसी क्रिकेटर के साथ या किसी के अगेंस्ट खेलता होता तो मैं निश्चित रूप से विराट कोहली को चुनूंगा.'
अकरम के सामने अगला सवाल था सबसे बड़ा प्रतिद्वंदी कौन था? इस सवाल के जवाब में पाक दिग्गज ने कहा, 'इंडिया. जाहिर है. वे भी यही कहेंगे पाकिस्तान. अब तो राइवलरी रही नहीं. इंडिया जीत जाता है हर दफा.'
अकरम के इस जवाब पर एंकर ने उनका एक पुराना मीम याद दिलाया. जिसमें वो पाकिस्तान की हार के बाद अपनी खीज निकालते हुए नजर आ रहे थे. उस दौरान उन्होंने कहा था, 'पूरी ट्रे केले की आई थी. इतने केले तो बंदर नहीं खाते हैं.'
एंकर ने जब बताया कि यह सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ है. उसपर उन्होंने कहा, 'नहीं, नहीं मुझे नहीं पता था. वो तो काफी ... दो साल पुराना है.'
सबसे मुश्किल प्रतिद्वंद्वी कौन था? अकरम ने कहा, '90s में वेस्टइंडीज था. बहुत जबरदस्त टीम थी.' सबसे जोशीले प्रशंसक किस टीम के होते थे? जवाब में उन्होंने कहा, 'वर्ल्ड कप के दौरान हमारे, इंडिया और बांग्लादेश के भी अच्छे थे. उनमें जबरदस्त जुनून होता है और वे उसी जुनून के साथ गालियां भी देते हैं.'
वह बल्लेबाज जिसके सामने गेंदबाजी करना सबसे मुश्किल था? उन्होंने कहा, 'मुश्किल तो नहीं लगा कभी. अगर आपने एक गेंदबाज के तौर पर किसी को मुश्किल समझ लिया तो आपका काम हो गया. पर बड़े ग्रेट आए हैं. विवियन रिचर्ड्स, लारा, सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग... और कई बड़े नाम मैं मिस कर रहा हूं. बड़े बड़े खिलाड़ी आए हैं. किसी एक को चुज करना काफी मुश्किल है.'
आपकी पंजाबी इतनी अच्छी है. आपका फेवरेट पंजाबी सिंगर कौन है? उन्होंने कहा, 'मुझे तो पता ही बाद में लगा पर मेरा फेवरेट जो आजकल है, वो अपना दिलजीत. हां दिलजीत, वह दुनिया का सबसे बड़ा स्टार है और उसके गाने कमाल के हैं.'
यह भी पढ़ें- 'दूसरों का मेंटल हेल्थ खराब करके खुद मेडिटेशन करता है', किशन ने अभिषेक की ली फिरकी, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं