तीसरे टी-20 में वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग पर भेजने वाली रणनीति को लेकर गौतम गंभीर की तारीफ हुई है. पूर्व भारतीय ओपनर सदागोपन रमेश ने कोच गंभीर की रणनीति को शानदार बताया. भारत के पूर्व बल्लेबाज सदागोपन रमेश का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को ओपनर के तौर पर भेजकर, टीम मैनेजमेंट ने इस युवा खिलाड़ी को एक तरह से "चॉकलेट" दी है. अपने यू-ट्यूब पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "टीम मैनेजमेंट ने वैभव को ओपनिंग के लिए भेजकर उसे एक 'चॉकलेट' दी, उसने बिल्कुल उस छोटे बच्चे की तरह बेफिक्र होकर बल्लेबाजी की, जो शुक्रवार की शाम को यह सोचकर खुश होता है कि अगले दो दिन की छुट्टी है. "
19 टेस्ट और 24 वनडे मैच खेलने वाले रमेश ने अभिषेक शर्मा की भी जमकर तारीफ की, उन्होंने कहा, "अभिषेक शर्मा ऐसी बल्लेबाजी कर रहे हैं कि गेंदबाज सिर्फ उनका नाम सुनकर ही डर जाते हैं, आज उन्होंने किसी दानव की तरह बल्लेबाजी की. सबसे तेज ओपनिंग पार्टनरशिप के लगभग सभी रिकॉर्ड टूट गए, सात ओवर में 133 रन बनाना, यानी 19 का रन रेट, यह वाकई हैरान करने वाला है. दिवाली आने में अभी समय है, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों, खासकर अभिषेक ने अपने बल्ले से मानो 1,000 और 10,000 वाले पटाखे फोड़ दिए. "
बता दें कि मैच में पहले न्यूजीलैंड ने बल्लेबाजी की थी और 198 रन बनाए थे. वेलिंगटन पर ऐसा लगा कि भारत के बल्लेबाजों को यह लक्ष्य हासिल करने में थोड़ी मुश्किल होगी लेकिन जब भारत की पारी आई तो ओपनर के तौर पर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी करने आए. दोनों ने आते ही धमाका कर दिया. अभिषेक ने 113 रन की पारी खेली तो वहीं, वैभव ने 45 रन बनाए, दोनों ने 7 ओवर में ही 133 रन की साझेदारी कर मैच को न्यूजीलैंड के लिए वहीं खत्म कर दिया था.
बता दें कि अभिषेक ने 35 गेंद पर शतक जमाया जो टी-20 इंटरनेशनल में यह उनका चौथा शतक है. वहीं, ओवरऑल टी-20 में अभिषेक ने 11वां शतक ठोक दिया है. ऐसा कर अभिषेक अब कोहली से आगे निकल गए हैं. कोहली ने अपने टी-20 करियर में 10 शतक लगाए थे. अब सीरीज का चौथा मैच 30 अक्टूबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा. भारतीय टीम पहले ही सीरीज 3-0 से जीतने में सफल हो गए हैं.
यह भी पढ़ें | वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड में मिला बलिया वाला प्यार-‘ठंडा पानी मत पीना बेटा', Video
यह भी पढ़ें | नंबर 1 गिल, युवराज से आगे अभिषेक न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं