अक्सर चर्चा में रहने वाले बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस बार आस्था और धर्म के बदलते स्वरूप को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा स्थित 'बगीचा धाम-श्रीराम राजा सरकार धाम' में श्रीराम कथा के दौरान उन्होंने कहा कि आजकल लोगों के बीच भगवान की भक्ति भी किसी फैशन या सोशल मीडिया ट्रेंड की तरह हो गई है. जहां समय के साथ आस्था का केंद्र बदल जाता है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जहां साईं बाबा के दरबार में भारी भीड़ उमड़ती थी, फिर खाटू श्याम बाबा की धूम मच गई और अब देश-दुनिया में नीम करोली बाबा की जय-जयकार हो रही है.
भगवान की भक्ति भी अब ट्रेंड और फैशन जैसी
कथा के चौथे दिन पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आज के दौर में भगवान का भी एक खास ट्रेंड सा चल पड़ा है.
धीरेंद्र शास्त्री ने इस बदलते दौर को जीवन के शाश्वत सत्य से जोड़ते हुए कहा कि इस संसार में कुछ भी स्थाई या 'परमानेंट' नहीं है. उन्होंने मंच से सरल शब्दों में कहा, "आज हम यहां बैठकर कथा सुना रहे हैं, तो कल कोई और सुनाएगा. यह पूरा संसार परिवर्तनशील है, इसलिए मनुष्य को अपने जीवन में किसी भी चीज को लेकर अहंकार या उसके हमेशा बने रहने का भ्रम नहीं पालना चाहिए."
शिव-पार्वती विवाह और श्रीराम जन्मोत्सव पर झूमे भक्त
करैरा के बगीचा धाम में चल रही इस नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है. चौथे दिन की कथा में जब पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने शिव-पार्वती विवाह और श्रीराम जन्मोत्सव के मनमोहक प्रसंग सुनाए, तो पंडाल में बैठे श्रद्धालु खुशी से झूम उठे. कथा के दौरान एक बेहद खूबसूरत पल तब आया जब धीरेंद्र शास्त्री ने कथा की शुरुआत में ही एक नवजात शिशु का नामकरण किया और उसे 'राघव' नाम दिया, जिससे बच्चे के परिवार वाले निहाल हो गए. हालांकि धर्म और आस्था के बदलते स्वरूप पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का यह नया बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. स्थानीय लोगों से लेकर इंटरनेट यूजर्स तक इस बात पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं कि क्या वाकई आज के दौर में ईश्वर की भक्ति भी किसी ट्रेंड का हिस्सा बनती जा रही है.
ये भी पढ़ें: बैलेट पेपर वाले MLC चुनावों में भी BJP-NDA का दबदबा, यूपी से कर्नाटक तक विपक्ष को मिली मिली-जुली सफलता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं