विज्ञापन

वनडे क्रिकेट में 13 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड, वकार यूनुस ने बताया कौन तोड़ेगा ये महारिकॉड

वनडे क्रिकेट में 13 बार पांच विकेट लेने के रिकॉर्ड को तोड़े जाने के सवाल पर पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनुस का मानना है कि रिकॉर्ड बनते ही हैं टूटने के लिए.

वनडे क्रिकेट में 13 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड, वकार यूनुस ने बताया कौन तोड़ेगा ये महारिकॉड
पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनुस

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने अपने एक बड़े रिकॉर्ड को लेकर दिलचस्प राय रखी है. वनडे क्रिकेट में 13 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड रखने वाले वकार से जब पूछा गया कि मौजूदा क्रिकेट में कौन सा गेंदबाज उनका यह रिकॉर्ड तोड़ सकता है, तो उन्होंने जसप्रीत बुमराह का नाम लिया. वकार का कहना है कि रिकॉर्ड हमेशा हमेशा के लिए नहीं होते और किसी न किसी दिन टूटते हैं. उनके मुताबिक बुमराह में यह उपलब्धि हासिल करने की काबिलियत है.

हाल ही में शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान वकार यूनुस ने बुमराह को लेकर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में इस समय बुमराह जैसा असर छोड़ने वाला गेंदबाज ढूंढना आसान नहीं है. हालांकि टेस्ट क्रिकेट को लेकर उनकी राय थोड़ी अलग है.

वकार ने कहा, "आज के दौर में व्हाइट-बॉल क्रिकेट में बुमराह के स्तर का कोई और गेंदबाज नहीं है. लेकिन टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो उन्हें अभी भी वहां काफी कुछ साबित करना है. उन्होंने अभी तक बहुत ज्यादा टेस्ट मैच नहीं खेले हैं. उनके अलावा मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे कई अन्य गेंदबाज भी हैं. आप कुछ इंग्लैंड के गेंदबाजों को भी नजरअंदाज नहीं कर सकते. लेकिन जब आप टी20 और वनडे क्रिकेट की बात करते हैं, तो मुझे लगता है कि असर डालने के मामले में बुमराह हमेशा मुश्किल मौकों पर शानदार प्रदर्शन करते हैं और यही सबसे ज्यादा मायने रखता है."

वकार यूनुस ने टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ बुमराह के प्रदर्शन को भी याद किया. उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में खेले गए उस मुकाबले का रुख मोहम्मद रिजवान के विकेट के बाद बदल गया था.

उन्होंने कहा, "जब भी कोई भारतीय कप्तान मुश्किल में होता है तो वह गेंद बुमराह को थमा देता है. न्यूयॉर्क में पाकिस्तान को हारने की कोई वजह नहीं थी. जरूरी रन गति पूरी तरह से नियंत्रण में थी. जिस ओवर में बुमराह ने रिजवान को आउट किया, वही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. प्रभाव छोड़ने वाले खिलाड़ी ही असली मायने में बड़े खिलाड़ी होते हैं. एक महान खिलाड़ी अपने आसपास के खिलाड़ियों को भी बेहतर बनने के लिए प्रेरित करता है."

वकार की बातों से यह जरूर समझ आता है कि वह बुमराह को सीमित ओवरों के क्रिकेट का सबसे भरोसेमंद गेंदबाज मानते हैं. शायद यही कारण है कि अपने वनडे रिकॉर्ड के संभावित दावेदार के रूप में उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज का नाम लिया. उनके मुताबिक अगर कोई मौजूदा गेंदबाज 13 बार पांच विकेट लेने के आंकड़े तक पहुंच सकता है, तो उस सूची में बुमराह सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com