England vs India, 3rd ODI: तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 से बराबरी के बाद अब भारत और इंग्लैंड रविवार को आखिरी मैच के लिए लॉर्ड्स के मैदान पर आमने-सामने होंगे. मैच निर्धारित समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा. इस हाई-वोल्टेज एक्शन में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा. कोहली ने अब तक कुल 313 वनडे मैचों की 301 पारियों में 58.53 की औसत और 93.84 के स्ट्राइक रेट से 14867 रन बनाए हैं.
अगर कोहली 133 रन और बना लेते हैं तो वह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 15000 रन के आंकड़े तक पहुंचने वाले सचिन तेंदुलकर (18426) के बाद दुनिया के दूसरे क्रिकेटर बन जाएंगे. इसके अलावा कोहली के पास सबसे तेज 15000 वनडे इंटरनेशल रन पूरे करने का भी मौका होगा. वनडे क्रिकेट करियर में यह उनकी 302वीं पारी होगी, जबकि सचिन ने 377 पारियों में 15000 रन के आंकड़े को हासिल किया था.
कोहली के पास इस मैच में एक और बड़ा ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं. इस लिस्ट में पहले नंबर पर एमएस धोनी (1546 रन) और दूसरे नंबर युवराज सिंह (1523 रन) का नाम है. अगर कोहली लॉर्ड्स वनडे में 80 रन बना लेते हैं, तो उनके कुल रन 1547 हो जाएंगे. ऐसा होते ही वह एमएस धोनी (1546) को पीछे छोड़कर भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज इतिहास के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.
आखिरी वनडे से पहले लय में विराट कोहली
भारत के लिए कार्डिफ में मिली हार के बावजूद विराट कोहली का लय में लौटना एक बड़ी सकारात्मक बात रही. पूर्व कप्तान अपनी 65 रनों की शानदार पारी के दौरान आत्मविश्वास से भरे दिखे और अब वह वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 50 से ज्यादा रन बनाने के कुमार संगकारा के रिकॉर्ड की बराबरी करने से बस एक पारी दूर हैं. कोहली ने पिछले मैच में इंग्लैंड में 1,400 वनडे रन भी पूरे किए और इस लिस्ट में विदेशी बल्लेबाज़ों में रोहित शर्मा के बाद दूसरे स्थान पर हैं.
2004 के बाद लॉर्ड्स के मैदान पर नहीं जीता कोई वनडे
लॉर्ड्स में मेहमान टीम ने 2004 के बाद से कोई वनडे मैच नहीं जीता है. इस सूखे को खत्म करने से न सिर्फ सीरीज जीती जा सकेगी, बल्कि दौरे का समापन भी यादगार होगा।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जो रूट, जोश टोंग
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं