भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर विजय दहिया ने विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है. वह चाहते हैं कि कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की तरफ से शिरकत करें. यहीं नहीं दहिया का कहना है अगर कोहली को खेलने का मन नहीं है, तब भी वह ड्रेसिंग रूम में आकर बैठें. जिससे युवाओं का हौसला बढ़ेगा. वह युवा खिलाड़ियों को अपनी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष की कहानी सुनाकर प्रेरित कर सकते हैं.
विजय दहिया दिल्ली के हेड कोच हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'अगर वह खेलना चाहते हैं तो हम उन्हें अपने ड्रेसिंग रूम में जरूर देखना चाहेंगे. मैं उन्हें खिलाड़ियों के साथ सिर्फ बात करने के लिए भी टीम में रखना पसंद करूंगा. उन्हें घर नहीं जाने दूंगा. मैं उन्हें ड्रेसिंग रूम में बैठाऊंगा और कहूंगा कि लड़कों को अपनी यात्रा, मेहनत, अनुशासन और देश के लिए खेलने पर मिलने वाले सम्मान के बारे में बताएं.'
दहिया ने कहा, 'मैंने उन्हें हर दौर में देखा है. मैं अपने लड़कों को बता सकता हूं कि उसने यहां से शुरुआत की थी और देखो आज कहां पहुंच गया. एक रास्ता होता है. हो सकता है कि आप विराट कोहली न बन पाएं. मगर कुछ चीजें सही तरीके से करें तो आप भी एक सफल क्रिकेटर बन सकते हैं.'
पिछले साल ही कोहली ने हजारे ट्रॉफी में की थी वापसी
विराट कोहली ने पिछले साल ही करीब 15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी की थी. उस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश और गुजरात के खिलाफ दो मैचों में हिस्सा लिया था. जहां वह पहले मैच में 131 और दूसरे मुकाबले में 77 रन बनाने में कामयाब हुए थे.
14 दिसंबर से हो रहा है विजय हजारे ट्रॉफी 2026-27 का आगाज
विजय हजारे ट्रॉफी 2026-27 का आगाज 14 दिसंबर से होने वाला है. दिल्ली का पहला मुकाबला गोवा के खिलाफ है. कोहली से पहले रोहित शर्मा ने मुंबई की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी में शिरकत करने की सहमति दे दी है. हालांकि, वह कितने मुकाबलों में शिरकत करेंगे. इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.
यह भी पढ़ें- 10 ओवर, 4 मेडन, 3 विकेट, U19 में भारत को मिला नया तूफान, द्रविड-सहवाग के बेटे के बीच लूटी लाइमलाइट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं