भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार (एक नवंबर 2026) को हैमिल्टन स्थित सेडन पार्क में खेला जाएगा. अहम मुकाबले से पहले देश के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने एक प्लान सुझाया है. उन्होंने बताया है कि कैसे आखिरी मुकाबले में संजू सैमसन को ड्रॉप किए बिना वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है.
दरअसल, ईशान किशन के चोटिल होने के बाद दूसरे और तीसरे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था. जहां उन्होंने तीसरे मुकाबले में 45 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी. मगर किशन के फिट होते ही उन्हें चौथे टी20 मुकाबले से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. जिससे फैंस काफी निराश नजर आए.
लोगों की निराशा को ध्यान में रखते हुए कार्तिक ने सुझाव दिया है कि टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी दोनों को एक साथ प्लेइंग इलेवन में कैसे शामिल कर सकता है.
कार्तिक का बयान
क्रिकबज के साथ हुई बातचीत के दौरान कार्तिक ने कहा, 'अब जब हम सीरीज जीत चुके हैं. ऐसी स्थिति में मुझे अक्षर पटेल को बनाए रखने और एक तेज गेंदबाज को आराम देने में कोई दिक्कत नहीं दिखती है. मैं अर्शदीप सिंह को आराम देता और मयंक एवं प्रिंस को मौका देता. अर्शदीप हमेशा की तरह शानदार रहे. वह इस सीरीज में भी भारत के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बनकर उभरे. ऐसे में उन्हें आराम देकर यह देखने में कोई नुकसान नहीं है कि इन परिस्थितियों में एक अतिरिक्त स्पिनर क्या कर सकता है.'
पूर्व भारतीय विकेटकीपर ने आगे कहा, 'मैं जानता हूं पूरी दुनिया वैभव को खेलते हुए देखना चाहती है. अगर वैभव को खिलाना है तो फिर अभिषेक शर्मा को आराम देकर ऐसा किया जा सकता है. हर बार जब वैभव की बात आती है तो संजू सैमसन का ही नाम क्यों लिया जाता है. अगर आप सच में वैभव को टीम में फिट करना चाहते हैं तो अभिषेक को आराम दिया जा सकता है.'
अंबाती रायुडू ने भी दिया सुझाव
बातचीत के दौरान ही पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने भी अपना विचार साझा किया. उन्होंने कहा, 'हैमिल्टन में आप किसी एक तेज गेंदबाज की जगह पर अतिरिक्त स्पिनर को खिला सकते हैं. जिसमें कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती में से किसी एक स्पिनर को मौका मिल सकता है. मैं नितीश कुमार रेड्डी, तिलक वर्मा और नमन धीर के संयोजन से छेड़छाड़ नहीं करना चाहूंगा. क्योंकि इन तीनों के बीच अच्छा तालमेल बनता नजर आ रहा है.'
यह भी पढ़ें- 0,0,0,0: यशस्वी जायसवाल को किसकी लग गई नजर? पिछले 9 पारियों में बल्ले से निकले बस 160 रन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं