दलीप ट्रॉफी में सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी का बल्ला चला. ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने दोनों पारियों में तेजी से रन बटोरे. पहली पारी में जहां वो शतक से चूक गए और 92 के स्कोर पर पवेलियन लौटे को दूसरी पारी में उन्होंने 40 रन बनाए. दूसरी पारी में उनके 40 रनों ने ईस्ट ज़ोन के लिए 159 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करने में अहम भूमिका निभाई. सूर्यवंशी की इस पारी से एक बार फिर यह साबित हुआ कि बाएं हाथ का यह बल्लेबाज बड़े मैच का खिलाड़ी हैं, क्योंकि जहां नॉकआउट मैचों में किसी भी खिलाड़ी पर प्रेशर आना स्वाभाविक है, वैभव निखर तक सामने आते हैं. सूर्यवंशी ने इससे पहले इंडिया U19, इंडिया A और राजस्थान रॉयल्स के लिए T20 और 50-ओवर फॉर्मेट में नॉकआउट मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है और अब ईस्ट जोन के लिए एक अहम रेड-बॉल मैच में भी अपनी काबिलियत साबित की है.
सभी फार्मेट में 10 नॉकआउट मैचों की 11 पारियों में सूर्यवंशी ने 65.18 की औसत से 717 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175 रहा है. अगर दो मौकों पर छोड़ दें तो वैभव हर बार दहाई का आंकड़ा पार करने में सफल हुए हैं. जबकि छह मौकों पर उन्होंने 65 से अधिक रनों की पारी खेली है.
हाई प्रेशर मैच में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन
67 रन: ACC U19 एशिया कप 2024 के सेमीफानल में श्रीलंका के खिलाफ
9 रन: ACC एशिया कप 2024 के फ़ाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ
38 रन: ACC राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट 2025 के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ
9 रन: ACC U19 एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ
26 रन: ACC U19 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ
68 रन: ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ
175 रन: ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ
97 रन: IPL 2026 के एलिमिनेटर में SRH के खिलाफ
96 रन: IPL 2026 के क्वालिफायर 2 में GT के खिलाफ
92 और 40 रन: दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन के खिलाफ
फाइनल में पहुंची ईस्ट जोन
मंगलवार को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए दलीप ट्रॉफी के रोमांचक पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन को चार विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. जीत के लिए 159 रन का पीछा करते हुए, ईस्ट जोन ने 39.3 ओवर में 162/6 रन बनाए. कप्तान ईशान किशन ने संयमित पारी खेलते हुए 39 रन बनाए और टीम को जीत की ओर ले गए. किशन 39 रन पर नाबाद रहे, जबकि मोहम्मद शमी ने विजयी रन बनाए और ईस्ट जोन ने कड़े मुकाबले के बाद जीत हासिल की.
स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का प्रदर्शन शानदार रहा. उन्होंने मैच में पांच विकेट लिए और भारतीय टीम में वापसी के लिए अपनी मज़बूत दावेदारी पेश करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा. भारत के लिए शमी का पिछला इंटरनेशनल मैच पिछले साल मार्च में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ICC चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ था.
सेंट्रल जोन की टीम अपनी दूसरी पारी में 158 रन पर ऑलआउट हो गई. ईस्ट जोन के लिए मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 44 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी ने 56 रन देकर 3 विकेट चटकाए. इस जोड़ी ने सेंट्रल जोन की बल्लेबाजी लाइन-अप को ध्वस्त कर दिया और ईस्ट जोन के सामने जीत के लिए 159 रन का लक्ष्य रखा.
दूसरी पारी में सेंट्रल ज़ोन के लिए अमन मोखाड़े ने सबसे ज़्यादा 41 रन बनाए, जबकि अरशद खान ने 25 और हर्ष दुबे ने 24 रन का योगदान दिया. इससे पहले सेंट्रल जोन ने अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए थे, जिसमें रिंकू सिंह ने अहम 60 रन का योगदान दिया था. जवाब में ईस्ट जोन ने भी 266 रन बनाए, जिसमें युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी की शानदार 92 रन की पारी अहम रही.
सूर्यवंशी ने यह पारी सिर्फ 81 गेंदों में खेली, जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल थे. 15 साल के इस खिलाड़ी ने दिलीप ट्रॉफी के इतिहास में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया, जिससे घरेलू क्रिकेट में उनकी बढ़ती पहचान और मज़बूत हुई.
इस युवा खिलाड़ी ने दूसरी पारी में भी आक्रामक अंदाज़ जारी रखा और 43 गेंदों में 40 रन बनाए, जिससे ईस्ट ज़ोन को लक्ष्य का पीछा करने में अच्छी शुरुआत मिली. हालांकि, सेंट्रल जोन के कप्तान रजत पाटीदार के शानदार रनिंग कैच की वजह से उनकी पारी का अंत हुआ. सेंट्रल जोन ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर वापसी की, जिसमें हर्ष दुबे ने चार विकेट लिए. हालांकि, किशन ने पारी को संभाले रखा और यह सुनिश्चित किया कि ईस्ट जोन लक्ष्य का पीछा पूरा करने से पहले जरूरी रन-रेट से आगे रहे.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्रिकेट में ड्रामा: दो खिलाड़ियों के चयन पर बवाल, फिर मिस्बाह उल हक का इस्तीफा! रिपोर्ट में सामने आई
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के दिग्गज भी हैं 'हनुमान अंश' के भक्त, जब लौटी विराट की फॉर्म, जानें कौन कब-कब शरण में पहुंचा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं