दांबुला के रंगिरी दांबुला अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में भारत ए और श्रीलंक ए के बीच फाइनल मुकाबले के दौरान फैंस की निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी. वैभव अभी तक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. 4 मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ 117 रन ही आए हैं. 29.25 की औसत से. लेकिन रविवार को उनके पास मौका भी होगा और दस्तूर भी. भारतीय टीम लीग मैच में श्रीलंका ए से सुपर ओवर में हार गई थी और वह इसका बदला चुकता करने के लिए प्रतिबद्ध होगी. इस मैच के बाद मैदान पर माहौल गरमा गया था तथा सूर्यवंशी और श्रीलंका के विशेन हलाम्बेज आपस में उलझ गए थे. ऐसे में आज सूर्यवंशी बड़ी पारी खेलकर अपना बदला पूरा करना चाहेंगे.
जवाब देने को बेकरार होंगे वैभव
श्रीलंका ए के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार के बाद हलाम्बेज और वानूजा साहन को पवेलियन लौट रहे भारतीय बल्लेबाजों से कहा-सुनी करते देखा गया. वीडियो में सूर्यांश शेडगे को हलाम्बेज की ओर बल्ला ताने हुए दिखाया गया. इसके बाद सूर्यवंशी ने पलटकर श्रीलंकाई खिलाड़ी से तीखी बहस की. इसके बाद दोनों एक-दूसरे को धक्का देते नजर आए. विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव करके उन्हें अलग किया.
यह देखना बाकी है कि क्या दोनों टीम उस घटना को भुलाकर आगे बढ़ चुकी हैं. लेकिन सूर्यवंशी पर सभी की निगाह टिकी रहेगी. आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 वर्ष के इस खिलाड़ी को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारत की सीनियर टीम में चुना गया है.
उन्होंने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 237.31 के शानदार स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 776 रन बनाए, जिसमें 72 छक्के शामिल थे. आईपीएल की सफलता और पहली बार भारतीय टीम में चुने जाने के बाद श्रीलंका के दौरे पर आए सूर्यवंशी को दांबुला की धीमी पिचों पर संघर्ष करना पड़ा है. उन्होंने अब तक चार मैचों में 14, 44, 21 और 38 रन बनाए हैं.
टूर्नामेंट के फाइनल में वैभव का प्रदर्शन
बात अगर टूर्नामेंट के फाइनल में वैभव के रिकॉर्ड की करें तो यह मिला-जुला रहा है, लेकिन अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में, जो उन्होंने पारी खेली थी, उससे फैंस को उनसे काफी उम्मीदें होंगी. वैभव ने यूथ वनडे में अभी तक तीन टूर्नामेंट के फाइनल खेले हैं, जिसमें उन्होंने 210 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 175 रहा है, जो उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ ठोके थे. उस मैच में उन्होंने 80 गेंदों में 175 रनों की रिकॉर्ड पारी खेली थी. जबकि इसके अलावा उन्होंने दिसंबर 2025 में अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 26 रन बनाए थे. वहीं 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में वह 9 रन बनाने में सफल हुए थे.
दोनों टीम इस प्रकार हैं:
भारत ए: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान.
श्रीलंका ए: सहान अराचिगे (कप्तान), निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समाराविक्रमा, चमिका करुणारत्ने, विजयकांत व्यासकांत, रविंदु फर्नांडो, विशेन हलंबेज, दुलज समुदिथा, मोहम्मद शिराज, अहान विक्रमसिंघे, कुगथास मथुलन, वानुजा सहन, चमिका गुणसेकरा, गरुका संकेत.
यह भी पढ़ें: जो रूट का तहलका, टेस्ट में 14 हजार रन पूरे, 149 सालों के इतिहास में ऐसा करने वाले केवल दूसरे बल्लेबाज
यह भी पढ़ें: हार्दिक पांड्या इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर, कोहली का होगा फिटनेस टेस्ट: सूत्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं