वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ पारी की गूंज अब दुनिया भर में सुनाई दे रही है. ACC मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में UAE के खिलाफ सिर्फ 53 गेंदों पर 204 रन बनाने वाले 15 वर्षीय बल्लेबाज की तारीफ अब क्रिकेट के सबसे बड़े सिक्सर किंग्स में शामिल क्रिस गेल ने भी की है. क्रिकेट प्लेटफॉर्म CREX से बातचीत में गेल ने कहा कि वैभव की पारी के बाद उनका फोन लगातार बजता रहा. उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि किसी बल्लेबाज ने इतनी कम गेंदों में दोहरा शतक जड़ दिया है.
गेल ने कहा, "यह शानदार है. 28 छक्के... मेरा फोन लगातार बज रहा था. मैं पूछ रहा था कि आखिर हुआ क्या है. जब किसी ने बताया कि उसने 12 ओवर के अंदर दोहरा शतक बना दिया है तो मैंने पूछा कि क्या यह टी20 मैच था? उन्होंने कहा नहीं, यह 50 ओवर का मैच था. मैं हैरान रह गया. इससे पता चलता है कि 50 ओवर क्रिकेट में तिहरा शतक भी अब संभव है. यह लड़का खेल को नए तरीके से आगे बढ़ा रहा है और उम्मीद है कि उसे जल्दी मौके मिलेंगे."
मंगलवार को यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए ग्रुप-B मुकाबले में भारत A ने UAE को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. हालांकि मैच की सबसे बड़ी चर्चा वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी रही.
बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने 53 गेंदों में 204 रन बनाए, जिसमें 28 छक्के और सात चौके शामिल थे. उनकी मदद से भारत A ने 250 रनों का लक्ष्य सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया. खास बात यह रही कि भारत A के 254 रनों में से 204 रन अकेले सूर्यवंशी के बल्ले से निकले.
वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक, 28 गेंदों में शतक, 40 गेंदों में 150 रन और महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर इतिहास रच दिया. इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंदों में बनाए गए सबसे तेज लिस्ट-A शतक का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. वहीं दोहरे शतक के मामले में उन्होंने चैड बोवेस के 103 गेंदों वाले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
सिर्फ रिकॉर्ड ही नहीं, सूर्यवंशी ने एक और अनोखी उपलब्धि अपने नाम की. उनके 28 छक्के किसी भी पेशेवर क्रिकेट मैच की एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का नया रिकॉर्ड बन गए. यही वजह है कि उनकी इस पारी ने क्रिकेट जगत के दिग्गजों को भी हैरान कर दिया है और अब क्रिस गेल जैसे महान बल्लेबाज भी इस किशोर खिलाड़ी के भविष्य को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें | MI की एक पोस्ट ने बढ़ाई रोहित शर्मा के फैंस की बेचैनी, कप्तानी को लेकर होने वाला है बड़ा ऐलान!
यह भी पढ़ें | सचिन तेंदुलकर नंबर 4, सहवाग-गावस्कर ओपनर, नंबर 3 द्रविड़, आकाश चोपड़ा ने चुनी भारत की ऑल टाइम टेस्ट प्लेइंग-11
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं