India tour of Sri Lanka: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चयनकर्ता ने 4 युवा गेंदबाजों को नेट बॉलर के तौर पर चुना है जो भारतीय टीम के साथ श्रीलंका के दौरे पर जाने वाले हैं. इन 4 युवा गेंदबाजों में सभी स्पिनर हैं. बता दें कि भारतीय टीम को 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है, भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से खेला जाएगा, वहीं, दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त को खेला जाएगा. दरअसल, श्रीलंका की पिच स्पिनर्स को काफी मदद करती है, यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट ने युवा स्पिनरों को अपने साथ जोड़ा हैं. रिपोर्ट के अनुसार ये 4 स्पिनर्स हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, विपराज निगम और शिवांग कुमार हैं. ये सभी स्पिनर्स एक दूसरे से अलग हैं.

Photo Credit: Picture: PTI
हर्ष दुबे (बाएं हाथ ऑर्थोडॉक्स स्पिनर)
हर्ष दुबे बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं जो गेंदबाज के अलावा निचले क्रम के अच्छे बल्लेबाज़ भी हैं, उनकी गेंदबाजी की सबसे अच्छी खासियत सटीकता, कंट्रोल और गेंद को टर्न कराने की काबिलियत है. 2024-25 रणजी ट्रॉफ़ी सीजन में हर्ष ने 69 विकेट लिए थे जो टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी बॉलर की ओर से एक सीजन में लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं. हर्ष भारत के लिए वनडे मैच खेल चुके हैं.

Photo Credit: @XVimalwa
विपराज निगम (दाएं हाथ के लेग-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर)
विपराज निगम उत्तर प्रदेश के लेग-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हैं. वे विकेट लेने वाली लेग-ब्रेक गेंदों के लिए जाने जाते हैं और निचले मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन भी बना सकते हैं. उन्हें दिल्ली कैपिटल्स और उत्तर प्रदेश के लिए एक होनहार युवा लेग-स्पिनरऑलराउंडर माना जाता है. विपराज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अबतक 6 मैच खेलकर 20 विकेट लिए हैं, टी-20 में उनके नाम 32 मैच में 34 विकेट दर्ज है.

शिवांग कुमार (बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिन गेंदबाज)
वर्ल्ड क्रिकेट में बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर यानी चाइनामैन बॉलर बहुत कम होते हैं, इसलिए शिवांग कुमार स्पिन बॉलिंग के एक अनोखे टैलेंट हैं. शिवांग ने अबतक 3 लिस्ट ए मैच खेले हैं और 10 विकेट लिए हैं. टी-20 में 17 मैच खेलकर इस युवा प्रतिभा के नाम 13 विकेट दर्ज है. मध्य प्रदेश के इस क्रिकेटर ने घरेलू क्रिकेट में बल्ले और गेंद, दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे उन्हें आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खेलने का मौका मिला. मिडिल ओवरों में विकेट लेने और निचले क्रम में आकर उपयोगी रन बनाने की उनकी काबिलियत उन्हें एक बेहतरीन ऑल-राउंडर बनाती है.

तनुष कोटियन (दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर गेंदबाज)
तनुष कोटियन दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर गेंदबाज हैं. मुंबई के इस ऑलराउंडर ने घरेलू क्रिकेट में बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन करके अपनी पहचान बनाई है. कोटियन की सबसे बड़ी खूबी अपनी सटीक ऑफ-स्पिन से खेल पर नियंत्रण रखने की क्षमता है और बल्लेबाजों को फंसाने का हुनर जानते हैं. रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 502 रन और 29 विकेट लेकर मुंबई को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया था. भारतीय स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडरों से तुलना किए जाने वाले कोटियन को उनके अनुशासन, संयम और खेल के हर विभाग में योगदान देने की क्षमता के लिए सराहा जाता है, तनुष भारत ए टीम का भी हिस्सा रहे हैं.
तनुष कोटियन ने अबतक 44 फर्स्ट क्लास मैच खेले है और कुल 131 विकेट लिए हैं. उनके नाम लिस्ट ए में 27 मैच में 24 विकेट दर्ज है. वहीं, टी-20 में 36 मैच खेलकर तनुष ने 33 विकेट अपने नाम करने में सफलता हासिल की है.
ये भी पढ़ें- श्रीलंका दौरे पर फेल हुए तो बढ़ेंगी मुश्किलें? कोच गौतम गंभीर के लिए बजी खतरे की घंटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं