भारत और इंग्लैंड महिला टीम के बीच जल्द ही लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में एक ऐतिहासिक टेस्ट मुकाबला खेला जाना है. उससे पहले इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट (Tamsin Beaumont) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए हर किसी को चौंका दिया है. उन्होंने ऐलान किया है कि वह लॉर्ड्स टेस्ट के बाद 17 सालों से चले आ रहे अपने लंबे इंटरनेशनल क्रिकेट करियर पर विराम लगा देंगी. 35 वर्षीय महिला स्टार क्रिकेटर ने कहा, 'लगभग 17 वर्षों तक इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे लिए सम्मान की बात रही. जब मैं छोटी थी और क्रिकेट से लगाव हुआ तब मुझे शायद ही पता था कि इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलना भी एक विकल्प हो सकता है. यह सोचकर बहुत खुशी होती है कि इस गर्मी में विशेष रूप से कितने लड़के-लड़कियों को प्रेरणा मिली है और हमारे देश में यह खेल कितना आगे बढ़ चुका है. हम हमेशा से ही इस सम्मान को अपनी अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहते थे. अब समय आ गया है कि मैं यह विशेषाधिकार इंग्लैंड के खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को सौंप दूं.'
ब्यूमोंट का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
ब्यूमोंट ने इंग्लैंड की तरफ से पहला मुकाबला साल 2009 में खेला था. उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा. इस बीच उन्होंने कई ऐतिहासिक मुकाबले खेले और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका भी निभाई.
खबर लिखे जाने तक ब्यूमोंट ने इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की तरफ से कुल 260 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 241 पारियों में 7325 रन निकले हैं. जिसमें 14 शतक और 37 अर्धशतक शामिल है.
ब्यूमोंट ने इंग्लैंड की तरफ से अब तक कुल 11 टेस्ट, 140 वनडे और 109 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. जहां उनके बल्ले से टेस्ट की 18 पारियों में 34.00 की औसत से 612, वनडे की 130 पारियों में 40.49 की औसत से 4738 और टी20 की 93 पारियों में 24.08 की औसत से 1975 रन निकले हैं.
ब्यूमोंट के नाम टेस्ट में एक शतक और दो अर्धशतक, वनडे में 12 शतक और 24 अर्धशतक एवं टी20 में एक शतक और 11 अर्धशतक दर्ज है.
यह भी पढ़ें- भारत को लगा 440 वोल्ट का झटका, लॉर्ड्स में थी जिससे रनों की अंबार लगाने की उम्मीद, वही बाहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं