- भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप के लीग चरण का मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया
- भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर इस महत्वपूर्ण मुकाबले में शानदार जीत हासिल की
- भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा कि यह जीत पूरी टीम के लिए बहुत महत्वपूर्ण है
Suryakumar Yadav Indian Captain Statement After Win Against Pakistan: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग चरण का सबसे बड़ा मुकाबला आज (15 फरवरी) भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया. जहां भारतीय टीम विपक्षी टीम को 61 रनों से रौंदते हुए जीत हासिल करने में कामयाब रही. पाक टीम के खिलाफ मिली इस शानदार जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) काफी खुश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने कहा, 'यह जीत भारत के लिए है. हम इसी तरह का क्रिकेट खेलना चाहते हैं. टॉस के दौरान जैसा कि मैंने पहले ही कहा था हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे. शुरुआत में हमारे विकेट गिर गए थे. मगर ईशान ने अच्छी बल्लेबाजी की. 155 रनों का लक्ष्य मुकाबले को करीबी बना सकता था, लेकिन हमने 175 पार का स्कोर बनाया. तिलक, रिंकू, शिवम सबने बढ़िया बल्लेबाजी की. गेंदबाजी में भी सभी ने अच्छा काम किया. हम अहमदाबाद पहुंचने के बाद अगले मुकाबले के बारे में विचार करेंगे.'
175/7 रन बनाने में कामयाब हुई थी भारत
कोलंबो में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवरों में 175/7 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए ईशान किशन सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 40 गेंदों में 192.50 की स्ट्राइक रेट से 77 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कैप्टन सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में 32 रनों का योगदान दिया. इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 27 रन बनाए. बाकी के अन्य बल्लेबाज पाक गेंदबाजों के खिलाफ रनों के लिए जूझते हुए नजर आए.
सईम अयूब ने चटकाए तीन विकेट
पाकिस्तान की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज सईम अयूब रहे. जिन्होंने अपनी टीम के लिए कुल चार ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 6.25 की इकॉनमी से 25 रन खर्च करते हुए तीन विकेट चटकाने में कामयाब रहे. उनके अलावा आगा सलमान, शाहीन शाह अफरीदी और उस्मान तारिक ने क्रमशः एक-एक सफलता प्राप्त की.
114 रनों पर ढेर हो गई पाकिस्तान
भारत की तरफ से जीत के लिए मिले 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवरों में 114 रनों पर ढेर हो गई. ग्रीन टीम की तरफ से पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उस्मान खान ही कुछ देर भारतीय गेंदबाजों का सामना कर पाए. उन्होंने कुल 34 गेंदों का सामना किया. इस बीच 129.41 की स्ट्राइक रेट से 44 रन बनाने में कामयाब रहे. बाकी के अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ जूझते हुए ही नजर आए.
पंड्या, बुमराह, अक्षर और वरुण को मिली दो-दो सफलता
भारत की तरफ से पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने क्रमशः दो-दो सफलता प्राप्त की. इन गेंदबाजों के अलावा कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने क्रमशः एक-एक विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें- 'गुरु' गौतम गंभीर का ज्ञान तिलक को पड़ा महंगा, बीच मैदान में आकर दिया था टिप्स, अगली ही गेंद पर हो गए आउट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं